बंद घर, टूटा ताला और गायब गहने चोरों की वारदात से हड़कंप

संवाद 24 संवाददाता। कादरी गेट थाना क्षेत्र के मोहल्ला नरकसा में अज्ञात चोरों ने बंद पड़े एक मकान को निशाना बनाते हुए नकदी और कीमती जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की इस वारदात से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मोहल्ला नरकसा निवासी महेंद्र सक्सेना जयपुर में रहकर नौकरी करते हैं। 20 जनवरी को उनकी पत्नी पूनम अपनी सात वर्षीय पुत्री खुशी के साथ मेला रामनगरिया स्थित अपने पिता विजय सक्सेना की दुकान चली गई थीं। इस दौरान मकान बंद पड़ा रहा, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।

21 जनवरी की सुबह पड़ोस में रहने वाली महेंद्र सक्सेना की भाभी मीना ने फोन कर पूनम को घर के मुख्य द्वार का ताला टूटा होने की सूचना दी। जानकारी मिलते ही पूनम सुबह करीब 7:30 बजे घर पहुंचीं। अंदर जाने पर मुख्य कमरे के साथ-साथ अलमारी और संदूक के ताले भी टूटे मिले तथा घर का सामान बिखरा पड़ा था।

पीड़िता के अनुसार चोर अलमारी से करीब सात हजार रुपये की नकदी, एक सोने की अंगूठी, एक बेसर, सोने की कमर पेटी और पुत्री की चांदी की पायल चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान की कुल अनुमानित कीमत लगभग दो लाख रुपये बताई जा रही है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि मोहल्ले के आसपास कुछ अराजक तत्व छतों के रास्ते अक्सर आवाजाही करते रहते हैं। वहीं घटनास्थल से लगभग 100 मीटर की दूरी पर एक पीपल के पेड़ के नीचे ऐसे तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है, जिनका विरोध करने पर विवाद की स्थिति भी बन जाती है। लोगों ने पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की है।

घटना की सूचना पर कादरी गेट चौकी इंचार्ज के.के. कश्यप पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि संदिग्ध लोगों के बारे में मिली जानकारी के आधार पर उनके घरों पर जाकर पूछताछ की गई है हालांकि अभी तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही चोरी का खुलासा किया जाएगा।

Anuj Singh
Anuj Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News