प्रतिबंध बेअसर! फर्रुखाबाद में चाइनीज मांझे से इंटर का छात्र गंभीर रूप से घायल
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। जनपद में चाइनीज मांझा लगातार जानलेवा साबित हो रहा है। प्रतिबंध और जागरूकता के बावजूद इससे होने वाली दुर्घटनाएं थम नहीं रही हैं। ताजा घटना में चाइनीज मांझे की चपेट में आकर इंटरमीडिएट का एक छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी गर्दन में गहरी चोट आने के बाद 20 टांके लगाने पड़े।
यह मामला फर्रुखाबाद के एंथोनी स्कूल में कक्षा 12 में पढ़ने वाले छात्र सिद्धार्थ पाल से जुड़ा है। नेकपुर निवासी सिद्धार्थ रविवार को स्कूटी से बाजार जा रहा था। रास्ते में उसे सामने से डोर आती महसूस हुई, जिस पर उसने स्कूटी रोककर डोर हटाने की कोशिश की। इसी दौरान चाइनीज मांझा उसकी गर्दन से रगड़ता हुआ निकल गया और गहरी चोट पहुंचा गया।
घटना के बाद परिजन तत्काल छात्र को चिकित्सक के पास ले गए, जहां उसकी गर्दन में 20 टांके लगाए गए। चिकित्सकों के अनुसार, यदि मांझा थोड़ा और गहराई से लगा होता तो स्थिति और भी गंभीर हो सकती थी। फिलहाल छात्र की हालत स्थिर बताई जा रही है
इसी बीच चाइनीज मांझा के खिलाफ चल रहे तीन दिवसीय जागरूकता अभियान के तहत टीम एंथोनी स्कूल पहुंची। टीम की सदस्य भारती मिश्रा ने घायल छात्र की गर्दन पर टांकों के निशान देखकर उससे पूरी घटना की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने विद्यार्थियों को चाइनीज मांझा के खतरों के बारे में विस्तार से बताया।
जागरूकता टीम ने बताया कि चाइनीज मांझा न केवल इंसानों के लिए बल्कि पशु-पक्षियों के लिए भी बेहद खतरनाक है। इससे लोगों की गर्दन और कान कटने की घटनाएं सामने आ रही हैं, जबकि पक्षियों के पंख और शरीर भी गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो रहे हैं। टीम ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं चाइनीज मांझा का प्रयोग न करें और दूसरों को भी इसके इस्तेमाल से रोकें।
प्रशासन और सामाजिक संगठनों द्वारा लगातार चेतावनी के बावजूद ऐसी घटनाएं चिंता का विषय बनी हुई हैं। लोगों से अपील की जा रही है कि वे पतंग उड़ाते समय सुरक्षित विकल्प अपनाएं और चाइनीज मांझा से पूरी तरह दूरी बनाकर रखें, ताकि जानमाल की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।






