बैंकों में उबाल: 27 जनवरी को देशव्यापी हड़ताल से बढ़ेगी आम जनता की परेशानी
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के आह्वान पर 27 जनवरी 2026 को देशभर में एक दिवसीय बैंक हड़ताल की घोषणा की गई है। यह जानकारी बैंक कर्मी नेता केदार शाह ने दी। उन्होंने बताया कि इस हड़ताल में सार्वजनिक, निजी और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों के सभी कर्मचारी एवं अधिकारी शामिल रहेंगे।
केदार शाह के अनुसार हड़ताल की प्रमुख मांग बैंकों में पाँच दिवसीय कार्य प्रणाली को तत्काल लागू करना है। उन्होंने कहा कि बैंक कर्मी लंबे समय से इस व्यवस्था की मांग कर रहे हैं, लेकिन सरकार की ओर से अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया, जिससे कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2023 में इंडियन बैंक एसोसिएशन के साथ हुई वार्ता में पाँच दिवसीय कार्य प्रणाली पर सैद्धांतिक सहमति बनी थी। इसके बावजूद इससे संबंधित प्रस्ताव अभी तक वित्त मंत्रालय में लंबित हैं। इस मुद्दे पर केंद्रीय मंत्रियों से कई दौर की बातचीत हुई, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला, समाधान नहीं निकल सका।
बैंक कर्मी नेता ने बताया कि 24 से 26 जनवरी तक पहले से ही अवकाश रहेगा और इसके बाद 27 जनवरी को हड़ताल होने से बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहेंगी। नकद लेन-देन, चेक क्लीयरेंस, शाखा संबंधी सेवाएं और अन्य नियमित कार्य बाधित होने की संभावना है, जिससे आम ग्राहकों को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।
हड़ताल के दिन जिले के सभी बैंक कर्मी आईटीआई चौराहा स्थित बैंक परिसर में एकत्रित होकर प्रदर्शन करेंगे। इसके समर्थन में मंगलवार को बैंक कर्मचारियों ने बैज लगाकर विरोध दर्ज कराया और अपनी मांगों को लेकर एकजुटता दिखाई। बैंक यूनियनों ने स्पष्ट किया है कि यदि मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया, तो भविष्य में आंदोलन और तेज किया जा सकता है।






