स्वच्छता अभियान को नई रफ्तार, शमसाबाद में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण प्रगति पर

संवाद 24 संवाददाता। जनपद के शमसाबाद क्षेत्र में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण परियोजना पर कार्य तेजी से जारी है। स्वच्छ भारत मिशन 2.0 (शहरी) के अंतर्गत जल निगम शहरी द्वारा 5 एमएलडी क्षमता वाले सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का निर्माण किया जा रहा है। मंगलवार को आशुतोष कुमार द्विवेदी, जिलाधिकारी फर्रुखाबाद ने शमसाबाद का दौरा कर परियोजना स्थल का निरीक्षण किया और कार्य की प्रगति की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी को अधिकारियों ने बताया कि यह एसटीपी 5 एमएलडी क्षमता का है, जिसमें शमसाबाद कस्बे के दो प्रमुख नालों का पानी ट्रीटमेंट के लिए लाया जाएगा। वर्तमान में कस्बे से लगभग 4.8 एमएलडी सीवरेज डिस्चार्ज होता है, जिसे ध्यान में रखते हुए प्लांट की क्षमता तय की गई है। इससे सीवेज के वैज्ञानिक निस्तारण के साथ पर्यावरण प्रदूषण को भी नियंत्रित किया जा सकेगा।

परियोजना के अंतर्गत कुल 3.2 किलोमीटर लंबी सीवरेज पाइपलाइन बिछाई जानी है। अधिकारियों ने बताया कि पाइपलाइन की ड्राइंग तैयार कर ली गई है और कार्य प्रारंभिक चरण में है। इसके साथ ही पंपिंग स्टेशन का निर्माण कार्य भी शुरू हो चुका है, जो सीवरेज को प्लांट तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएगा।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परियोजना को निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाए और निर्माण की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न हो। उन्होंने कहा कि पाइपलाइन डालने के लिए जिन सड़कों की खुदाई की जा रही है, उन्हें कार्य के तुरंत बाद मोटरेबल बनाया जाए ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही, खुदाई वाले स्थानों पर आवश्यक साइनेज लगाने के भी निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान अधीक्षण अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, अधिशासी अभियंता जल निगम शहरी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से नियमित मॉनिटरिंग करने और आपसी समन्वय के साथ कार्य को आगे बढ़ाने को कहा, ताकि शमसाबाद क्षेत्र को शीघ्र ही इस महत्वपूर्ण सीवरेज सुविधा का लाभ मिल सके।

Anuj Singh
Anuj Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News