कश्मीर से कन्याकुमारी तक की झांकी: शहर में निकली एक भारत श्रेष्ठ भारत यात्रा
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। शहर में मंगलवार को एक भारत श्रेष्ठ भारत यात्रा का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें भारतीय संस्कृति की विविधता और एकता का जीवंत प्रदर्शन देखने को मिला। यात्रा के दौरान पूरे मार्ग में नागरिकों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया, जिससे उत्सव का माहौल बना रहा।
यह सांस्कृतिक यात्रा पांडेश्वर नाथ शिवालय से प्रारंभ होकर रेलवे रोड, चौक, नेहरू रोड, घुमना, लाल सराय, लाल दरवाजा और रोडवेज बस अड्डा होते हुए बद्री विशाल कॉलेज के निकट स्वराज कुटीर में संपन्न हुई। यात्रा मार्ग पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ी और हर पड़ाव पर उत्साहपूर्वक स्वागत किया गया।
यात्रा में बड़ी संख्या में नागरिकों की सहभागिता रही। देश के विभिन्न प्रांतों की पारंपरिक वेशभूषा में सजे प्रतिभागियों ने भारत की सांस्कृतिक बहुलता को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। महिलाओं और बच्चों की सक्रिय भागीदारी ने आयोजन को और अधिक जीवंत बना दिया, वहीं बच्चों का उत्साह विशेष आकर्षण रहा।
कार्यक्रम के दौरान “कश्मीर से कन्याकुमारी, असम से गुजरात” तक की सांस्कृतिक झलकियों ने विविधता में एकता का संदेश दिया। अयोध्या से आए फरुवाही नृत्य दल की प्रस्तुति दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र रही। इसके साथ ही विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने भी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से सहभागिता निभाई।
आयोजन में सामाजिक, सांस्कृतिक और व्यापारी संगठनों के पदाधिकारियों व गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही, जिन्होंने यात्रा को सफल बनाने में योगदान दिया। आयोजकों के अनुसार, इस यात्रा का उद्देश्य राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक समरसता और आपसी सौहार्द को मजबूत करना रहा, जिसमें शहरवासियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की।






