नोएडा से लौट रहे छात्र का अपहरण, मैनपुरी में बदमाशों से बचकर भागा, दो आरोपी गिरफ्तार

संवाद 24 संवाददाता। नोएडा से घर लौटने की तैयारी कर रहे एक छात्र का बदमाशों ने अपहरण कर लिया और उसके स्वजनों से दो लाख रुपये की फिरौती मांगी। डर के चलते स्वजनों ने 90 हजार रुपये बदमाशों के खाते में ट्रांसफर कर दिए। बाद में मैनपुरी में छात्र ने साहस दिखाते हुए बदमाशों की गाड़ी से कूदकर शोर मचाया, जिससे पुलिस ने घेराबंदी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

भोलेपुर स्थित न्यू इंदिरा कॉलोनी निवासी पूर्व सैनिक कैलाश चंद्र का 19 वर्षीय पुत्र शिव नोएडा में कोर्स कर रहा है। 16 जनवरी की रात करीब 11:30 बजे शिव ने अपने बड़े भाई अभिषेक कुमार को फोन कर बताया था कि वह ग्रेटर नोएडा के थाना बीटा-2 क्षेत्र स्थित जीरो प्वाइंट, परी चौक के पास से फर्रुखाबाद जाने वाली बस पकड़ने वाला है। इसके बाद 17 जनवरी की सुबह शिव का मोबाइल फोन बंद हो गया।

सुबह करीब आठ बजे शिव के व्हाट्सएप नंबर से अभिषेक के मोबाइल पर कॉल आई। कॉल करने वाले ने शिव से बात कराकर उसे सुरक्षित छोड़ने के बदले दो लाख रुपये की फिरौती मांगी और पुलिस को सूचना देने पर जान से मारने की धमकी दी। घबराए स्वजनों ने बदमाशों के बताए खाते में 90 हजार रुपये जमा कर दिए।

इसी दौरान बदमाश छात्र को लेकर थार जीप से जनपद मैनपुरी के कस्बा किशनी पहुंचे। वहां वाहन रोककर जब बदमाश खाने-पीने का सामान लेने दुकान पर गए, तो शिव ने मौका पाकर गाड़ी से छलांग लगा दी और शोर मचाते हुए भाग निकला। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर मैनपुरी पुलिस ने घेराबंदी कर थाना किशनी क्षेत्र के गांव कुम्हौल निवासी अब्दुल रहमान खान और विनय कुमार उर्फ लल्ला भैया को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि वाहन चालक प्रेम वर्मा मौके से फरार हो गया।

छात्र के भाई अभिषेक कुमार की तहरीर पर फतेहगढ़ पुलिस ने अपराध संख्या ‘शून्य’ पर अपहरण का मुकदमा दर्ज किया है। प्रभारी निरीक्षक रणविजय सिंह ने बताया कि चूंकि घटना की शुरुआत नोएडा क्षेत्र से हुई थी, इसलिए मुकदमे की विवेचना थाना बीटा-2, नोएडा को स्थानांतरित कर दी गई है। वहीं से आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Anuj Singh
Anuj Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News