मौनी अमावस्या पर पांचालघाट में उमड़ा आस्था का सैलाब, कड़ी सुरक्षा में जारी रहा गंगा स्नान
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। मौनी अमावस्या के पावन पर्व पर फर्रुखाबाद स्थित ऐतिहासिक पांचालघाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। कड़ाके की ठंड और सुबह के घने कोहरे के बावजूद आस्था भक्तों को गंगा तट तक खींच लाई। तड़के से ही श्रद्धालु गंगा स्नान, पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों में लीन नजर आए।
स्थानीय लोगों के साथ-साथ हरदोई, शाहजहांपुर, मैनपुरी, फिरोजाबाद समेत आसपास के कई जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पांचालघाट पहुंचे। दिनभर घाटों पर स्नान और धार्मिक क्रियाकलापों का सिलसिला चलता रहा, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना रहा।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार मौनी अमावस्या पर गंगा स्नान का विशेष महत्व है। माना जाता है कि इस दिन पवित्र नदी में स्नान करने से पुण्य की प्राप्ति होती है तथा व्यक्ति को आध्यात्मिक और सांसारिक उन्नति का लाभ मिलता है। शास्त्रों में इसे अश्वमेघ यज्ञ के समान फलदायी बताया गया है।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। गंगा घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया, जबकि लाउड हेलर के माध्यम से लगातार श्रद्धालुओं को बैरिकेडिंग के भीतर रहकर स्नान करने और गहरे पानी में न जाने की अपील की जाती रही।
इसके साथ ही कंट्रोल रूम से पूरे क्षेत्र की निगरानी की गई। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों और मोशन सेंसर कैमरों का सहारा लिया गया। किसी भी आपात स्थिति या संदिग्ध गतिविधि पर त्वरित कार्रवाई के लिए सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की गई थी।
प्रशासन की चुस्त-दुरुस्त व्यवस्था और पुलिस की सतर्कता के चलते मौनी अमावस्या का पर्व पांचालघाट पर शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न होता नजर आया।






