एंबुलेंस सेवा पर सवाल: अधेड़ की मौत के बाद चालक ने किया अमानवीय कृत्य
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। फर्रुखाबाद जिले के राजेपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत दौलतपुर के पास मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। फरीदाबाद से अपने गांव लौट रहे एक 55 वर्षीय व्यक्ति की एंबुलेंस में मौत हो जाने के बाद प्राइवेट एंबुलेंस चालक ने शव को सड़क किनारे फेंक दिया और मौके से फरार हो गया।
मृतक की पहचान अमरीश पुत्र भजनलाल, निवासी अलादपुर भटौली, थाना अमृतपुर के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार अमरीश पिछले लगभग 15 वर्षों से फरीदाबाद-दिल्ली क्षेत्र में नौकरी कर रहे थे। फरीदाबाद में अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई थी, जिसकी जानकारी उन्होंने अपने भतीजे अरविंद को फोन पर दी। परिजनों की सलाह पर अमरीश को प्राइवेट एंबुलेंस के जरिए उनके पैतृक गांव लाया जा रहा था।
यात्रा के दौरान अमरीश की हालत और गंभीर हो गई और रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। इसके बाद एंबुलेंस चालक ने संवेदनहीनता का परिचय देते हुए दौलतपुर चकई के पास शव को सड़क किनारे छोड़ दिया। हालांकि चालक ने मृतक की जेब में पहचान के लिए नाम-पते का एक पर्चा रख दिया था।
सुबह सड़क किनारे शव पड़ा देख राहगीरों ने इसकी सूचना राजेपुर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष सुदेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शव की तलाशी के दौरान जेब से पहचान संबंधी पर्चा मिला, जिसके आधार पर मृतक के भतीजे अरविंद को बुलाया गया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
थानाध्यक्ष सुदेश कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया अमरीश की मौत एंबुलेंस में ही हो चुकी थी। मामले की जांच की जा रही है और एंबुलेंस चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।






