इटावा–बरेली हाईवे पर आमने-सामने टकराईं दो बाइक्स, बैंक गार्ड समेत तीन गंभीर
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। थाना क्षेत्र में इटावा–बरेली हाईवे पर शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। प्रभात ढाबा के सामने दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और सवार सड़क पर जा गिरे, जिससे कुछ देर के लिए हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हादसे के तुरंत बाद राहगीरों ने डायल 112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराई। इसके बाद एंबुलेंस की मदद से तीनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल राम मनोहर लोहिया अस्पताल भेजा गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
घायलों की पहचान नगला बीच निवासी 40 वर्षीय सर्वेश पुत्र बाकेलाल, 32 वर्षीय भूपेन्द्र पुत्र प्रेम सिंह और मिसराना थाना भोगांव, जनपद मैनपुरी निवासी राजन बाबू पुत्र रणवीर सिंह के रूप में हुई है। बताया गया कि राजन बाबू भोगांव क्षेत्र में बैंक गार्ड के पद पर कार्यरत है।
घटना की जानकारी मिलते ही हल्का इंचार्ज अखिलेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइकों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तहरीर मिलने पर मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।






