गढ़ी जान अली में संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत, फांसी पर झूलता मिला शव

संवाद 24 संवाददाता। थाना क्षेत्र के मोहल्ला गढ़ी जान अली भीकमपुर में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक विवाहिता का शव घर के कमरे में फांसी के फंदे पर लटका मिला। मृतका की पहचान नगर पालिका में सफाई कर्मी अनिल बाल्मिक की 28 वर्षीय पत्नी सोनम के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, अनिल रोज़ की तरह सुबह ड्यूटी पर गया था। करीब 10 बजे जब वह घर लौटा तो दूसरी मंज़िल पर स्थित कमरे का दरवाज़ा अंदर से बंद मिला। काफी देर तक आवाज़ देने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, जिससे अनहोनी की आशंका हुई। इसी बीच उसे पता चला कि उसका चार माह का बेटा नीचे रहने वाली चाची के पास है।

इसके बाद अनिल ने दरवाज़े की कुंडी तोड़कर कमरे में प्रवेश किया, जहां सोनम का शव छत में लगे कुंडे से दुपट्टे के सहारे लटका मिला। मोहल्ले के लोगों की मदद से उसे नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

पुलिस के अनुसार, सोनम ने बेड पर खड़े होकर फांसी लगाई थी। सूचना मिलते ही मऊदरवाजा थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र कर जांच की जा रही है।

मृतका सोनम कोतवाली फतेहगढ़ क्षेत्र के मोहल्ला कैट कॉलोनी कासिमबाग निवासी मदनलाल की पुत्री थी। उसका विवाह छह वर्ष पूर्व अनिल से हुआ था। दंपती के दो बच्चे हैं—दो वर्षीय पुत्री सोना और चार माह का बेटा। बताया गया कि घटना से पहले सोनम अपनी पुत्री को स्कूल छोड़कर घर लौटी थी।

मायके पक्ष ने पुलिस को बताया कि चार माह पूर्व बेटे के जन्म के बाद से सोनम मानसिक रूप से परेशान थी और उसका उपचार चल रहा था। उन्होंने पोस्टमार्टम न कराने की मांग की, हालांकि पुलिस ने नियमानुसार पोस्टमार्टम कराए जाने की बात कही है।

वहीं पति अनिल ने किसी भी प्रकार के पारिवारिक विवाद से इनकार किया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच सभी पहलुओं से की जा रही है।

Samvad 24 Office
Samvad 24 Office

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News