छह घंटे अंधेरे में डूबा शहर, 18 जनवरी तक रोजाना कटौती तय, मिल्क डेयरी फीडर विभाजन से लोग परेशान

संवाद 24 संवाददाता। न्यू भोलेपुर बिजली उपकेंद्र से जुड़े मिल्क डेयरी फीडर के विभाजन कार्य के चलते सोमवार को इलाके में करीब छह घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रही। अचानक शुरू हुए इस कार्य से घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ व्यापारियों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। विभाग ने साफ कर दिया है कि यह स्थिति अब 18 जनवरी तक रोजाना बनी रहेगी।

न्यू भोलेपुर उपकेंद्र के मिल्क डेयरी फीडर से फतेहगढ़ से लेकर शहर के कई हिस्सों तक बिजली आपूर्ति होती है। इस फीडर से लगभग 5200 उपभोक्ता जुड़े हैं। फीडर की लंबाई अधिक होने के कारण मामूली फाल्ट पर भी घंटों बिजली गुल रहती थी। इसी समस्या से निपटने के लिए विद्युत विभाग ने फीडर को दो हिस्सों में विभाजित करने का निर्णय लिया है।

विभाजन के तहत फतेहगढ़ से आवास विकास तक एक फीडर और आवास विकास तिराहे से शहर के मोहल्ला खटकपुरा तक दूसरा फीडर बनाया जा रहा है। विभाग का दावा है कि इसके बाद फाल्ट होने की स्थिति में पूरे क्षेत्र की बिजली बंद नहीं करनी पड़ेगी और समस्या का समाधान भी जल्दी हो सकेगा।

हालांकि पहले दिन बिना पूर्व सूचना लंबे समय तक बिजली गुल रहने से लोगों में नाराजगी देखी गई। दुकानदारों का कहना है कि दिनभर बिजली न रहने से कारोबार प्रभावित हुआ, जबकि घरों में पानी, इनवर्टर और अन्य जरूरी काम भी ठप रहे।

इस संबंध में एसडीओ अजय कुमार ने बताया कि फीडर विभाजन का कार्य करीब एक सप्ताह तक चलेगा। इस दौरान 18 जनवरी तक रोजाना सुबह 11 बजे से शाम पांच बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। उन्होंने उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि कार्य पूरा होने के बाद ट्रिपिंग और फाल्ट की समस्या से काफी हद तक राहत मिलेगी।

फिलहाल, शहर के और आसपास के इलाकों में लोगों को तय समय तक बिजली कटौती के लिए खुद को तैयार रखना होगा।

Samvad 24 Office
Samvad 24 Office

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News