गंगा किनारे मगरमच्छ की दहशत, मछली पकड़ रहे ग्रामीण जान बचाकर भागे

संवाद 24 संवाददाता। कम्पिल थाना क्षेत्र के नूरपुर गढ़िया गांव में गंगा नदी के किनारे मगरमच्छ दिखाई देने से इलाके में दहशत फैल गई। मछली पकड़ रहे ग्रामीणों ने जब नदी में मगरमच्छ को देखा तो वे घबराकर वहां से भाग खड़े हुए। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार, नूरपुर गढ़िया ग्राम पंचायत के पास गंगा किनारे कुछ ग्रामीण मछली पकड़ रहे थे। इसी दौरान उन्होंने नदी में एक बड़े मगरमच्छ को देखा, जो कुछ ही देर में पानी से बाहर निकलकर किनारे आ गया। मगरमच्छ को नजदीक आता देख खालिद और उमर समेत अन्य ग्रामीण अपनी जान बचाने के लिए मौके से दौड़ पड़े और बिना मछली पकड़े ही घर लौट गए।

ग्रामीणों ने गांव में गंगा नदी में मगरमच्छ होने की सूचना दी, जिसके बाद इलाके में चर्चा फैल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मगरमच्छ का आकार काफी बड़ा था और इससे पहले उन्होंने इस स्थान पर कभी मगरमच्छ नहीं देखा था।

बताया गया है कि मगरमच्छ करीब आधे घंटे तक गंगा किनारे धूप में बैठा रहा, इसके बाद वह दोबारा नदी के पानी में चला गया। मगरमच्छ की मौजूदगी की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण उसे देखने के लिए गंगा किनारे पहुंच गए।

फिलहाल, वन विभाग या प्रशासन की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। ग्रामीणों ने गंगा किनारे जाने में सतर्कता बरतने की अपील की है।

Samvad 24 Office
Samvad 24 Office

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News