रेलवे ट्रैक पर मिला महिला का क्षत-विक्षत शव, ट्रेन से कटकर मौत की आशंका

संवाद 24 संवाददाता। थाना मऊदरवाजा क्षेत्र के हथियापुर इलाके में रविवार तड़के रेलवे ट्रैक के पास एक अज्ञात महिला का क्षत-विक्षत शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जांच में महिला की मौत ट्रेन की चपेट में आने से होने की आशंका जताई जा रही है।

सूचना के अनुसार सुबह करीब साढ़े चार बजे ट्रैक की नियमित जांच के दौरान ट्रैकमैन ने हथियापुर के पास रेलवे लाइन के किनारे शव पड़ा देखा। घटना की जानकारी तुरंत मऊदरवाजा थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की। मृतका की उम्र लगभग 55 वर्ष बताई जा रही है, हालांकि उसकी पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटाने के साथ-साथ शिनाख्त के प्रयास कर रही है।

थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

Samvad 24 Office
Samvad 24 Office

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News