सर्द हवाओं और कोहरे से जनजीवन प्रभावित, लोग ठिठुरने को मजबूर
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। जिले में कड़ाके की सर्दी का प्रकोप लगातार जारी है। बीते दो दिनों से सूर्य देव के दर्शन नहीं हो पाए हैं, जिससे गलन और ठिठुरन और तेज हो गई है। गुरुवार के बाद शुक्रवार को भी ठंडी हवाओं और घने कोहरे ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया।
मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को जिले का न्यूनतम तापमान 8.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 14.4 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा में नमी का स्तर 28 प्रतिशत रिकॉर्ड किया गया, जिससे ठंड का असर और ज्यादा महसूस हुआ।
घना कोहरा, दृश्यता बेहद कम
गुरुवार सुबह से ही घना कोहरा छाया रहा, जो पूरे दिन बना रहा। शाम होते-होते सर्दी और तेज हो गई। रात करीब 10 बजे के बाद कोहरा और गहराने लगा, जो शुक्रवार सुबह तक जारी रहा। शुक्रवार सुबह 6 बजे कोहरे की स्थिति बेहद घनी थी और सुबह 8 बजे तक दृश्यता घटकर मात्र 70 मीटर रह गई, जिससे सड़कों पर आवाजाही प्रभावित हुई।
बाजार और सड़कें रहीं सूनी
तेज सर्द हवाओं और पाले के कारण लोग केवल जरूरी काम से ही घरों से बाहर निकलते नजर आए। सुबह के समय सड़कों पर चहल-पहल बेहद कम रही। मॉर्निंग वॉक करने वालों की संख्या में भी भारी गिरावट दर्ज की गई। बाजारों में दुकानदार ठंड से बचाव के लिए हीटर और अलाव का सहारा लेते दिखे।
ठंडी हवा से बढ़ी मुश्किलें
बाइक सवारों और खुले में काम करने वाले लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ा। कई लोगों ने बताया कि ठंड के कारण हाथों की उंगलियां सुन्न पड़ने लगीं। पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी का असर मैदानी क्षेत्रों में साफ तौर पर महसूस किया जा रहा है।
सर्दी से राहत की उम्मीद कम
मौसम के जानकारों के मुताबिक, फिलहाल ठंड से तत्काल राहत के आसार कम हैं। आने वाले दिनों में तापमान में ज्यादा बढ़ोतरी की संभावना नहीं जताई जा रही है, ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने और ठंड से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी गई है।
फर्रुखाबाद में जारी यह शीत लहर न सिर्फ जनजीवन बल्कि रोजमर्रा की गतिविधियों पर भी सीधा असर डाल रही है।






