गंगा कटान से टली बड़ी घटना, 12 राउटी सुरक्षित हटाईं गईं
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। फर्रुखाबाद के पांचाल घाट पर लगे श्रीरामनगरिया मेले में मंगलवार देर रात गंगा में अचानक तेज कटान शुरू हो गया। कटान की स्थिति बनते ही मेला क्षेत्र में अफरातफरी मच गई, लेकिन कल्पवासियों की सतर्कता से एक बड़ा हादसा टल गया। गंगा किनारे बनी 12 राउटी (झोपड़ियां) समय रहते सुरक्षित स्थान पर हटा ली गईं।
मंगलवार रात छह नंबर सीढ़ी के पास गंगा किनारे बालू धंसने की आवाज सुनकर कल्पवासी जाग गए। उन्होंने तुरंत अपने बच्चों को झोपड़ियों से बाहर निकाला और स्थिति की जानकारी अन्न गुरु कृपा क्षेत्र के महंत स्वामी धर्मचैतन्य ब्रह्मचारी को दी।
सूचना मिलते ही स्वामी धर्मचैतन्य ब्रह्मचारी ने जूना अखाड़ा के अध्यक्ष सत्यगिरी महाराज को अवगत कराया। संतों और श्रद्धालुओं के साथ वे मौके पर पहुंचे। मेले में लाउडस्पीकर से अलर्ट जारी कराया गया। प्रशासन को भी सूचना दी गई, जिसके बाद एडीएम न्यायिक दिनेश कुमार और मेला व्यवस्थापक संजय कुमार मिश्र मौके पर पहुंचे।
मेला व्यवस्थापक के निर्देश पर गंगा किनारे रह रहे लगभग 12 कल्पवासियों की राउटी हटाकर सुरक्षित दूरी पर स्थापित कराई गईं। प्रभावित कल्पवासियों में विटाना देवी, सत्यपाल, जगतपाल, जगदीश और बिट्टा देवी शामिल हैं।
सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता दुर्ण कुमार ने बताया कि नरौरा बांध से लगभग 4,000 क्यूसेक पानी छोड़े जाने के कारण गंगा की धारा तेज हो गई है, जिससे रेत में कटान की स्थिति बन रही है।






