चाइनीज मांझा बेचते कारोबारी को पुलिस ने किया गिरफ्तार, 15 गिट्टी चाइनीज मांझा बरामद, FIR दर्ज
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। फर्रुखाबाद में चाइनीज मांझा बेचने के मामले में पुलिस ने एक कारोबारी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 15 गिट्टी प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बरामद किया गया है। पुलिस ने उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
शहर कोतवाली पुलिस ने मंगलवार रात गोपनीय सूचना के आधार पर मोहल्ला गढ़ी अब्दुल मजीद निवासी मोहम्मद रिजवान के यहां छापेमारी की। कोतवाली प्रभारी दर्शन सिंह सोलंकी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी की दुकान और आवास की तलाशी ली। तलाशी के दौरान बसंत पंचमी के अवसर पर बिक्री के लिए रखा गया चाइनीज मांझा बरामद हुआ।
पुलिस बोली— बर्दाश्त नहीं होगी बिक्री
कोतवाली प्रभारी दर्शन सिंह सोलंकी ने बताया कि चाइनीज मांझा अत्यंत खतरनाक है और इससे लोगों की जान तक जा चुकी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोतवाली क्षेत्र में चाइनीज मांझे की बिक्री किसी भी सूरत में नहीं होने दी जाएगी और इस तरह के मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पूछताछ में आरोपी का बयान
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि बाजार में चाइनीज मांझे की मांग अधिक रहती है और इससे अच्छा मुनाफा होता है। आरोपी ने कहा कि वह अपना पक्ष अधिवक्ता के माध्यम से न्यायालय में रखेगा।
पुलिस ने बरामद मांझे को जब्त कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।






