फर्रुखाबाद में चाइनीज मांझे के खिलाफ ज्ञापन, एक हफ्ते में रोक नहीं लगी तो चौक पर धरने की चेतावनी

संवाद 24 संवाददाता। फर्रुखाबाद में चाइनीज मांझे की बिक्री और इस्तेमाल के विरोध में सामाजिक संगठन विकास मंच के पदाधिकारियों ने नगर मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन जिलाध्यक्ष भईयन मिश्रा के नेतृत्व में दिया गया। इस दौरान सीओ सिटी ऐश्वर्या उपाध्याय भी मौके पर मौजूद रहीं।

ज्ञापन में कहा गया कि चाइनीज मांझे के कारण लगातार लोग घायल हो रहे हैं और कई बार जानलेवा हादसे भी सामने आ चुके हैं। भईयन मिश्रा ने प्रशासन को बताया कि इस मुद्दे को लेकर पहले भी कई बार आंदोलन और शिकायतें की गईं, लेकिन अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हो सकी है। उन्होंने मांग की कि चाइनीज मांझा बेचने वालों के खिलाफ ऐसी सख्त कार्रवाई हो, जिससे पूरे नेटवर्क में डर बने और इसकी बिक्री पूरी तरह बंद हो।

इस पर सीओ सिटी ऐश्वर्या उपाध्याय ने आश्वासन दिया कि पुलिस चाइनीज मांझे की अवैध बिक्री करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा कि इसके पीछे काम कर रहे नेटवर्क की पहचान कर उनके खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे।

इस मौके पर राष्ट्रीय बजरंग दल के विभाग अध्यक्ष कोमल पांडे ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर चाइनीज मांझे की बिक्री पर पूरी तरह रोक नहीं लगी, तो चौक पर धरना प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जब तक यह खतरनाक मांझा पूरी तरह बंद नहीं हो जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

ज्ञापन सौंपने वालों में पूर्व सभासद निशित दुबे, आलोक मिश्रा भरे, ओम निवास पाठक, सनी बाथम, रईस नवाब, लकी शुक्ला, राजा मिश्रा, पंकज राठौर, सागर गुप्ता, शिवेंद्र बाजपेई, प्रशांत मिश्रा, शिवदेव सिंह, कार्तिकेय शुक्ला, आयुष सक्सेना, नीरज दुबे, अफरोज आलम खान और विनय दीक्षित सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

ज्ञापन के बाद भईयन मिश्रा ने उम्मीद जताई कि प्रशासन जल्द ठोस कदम उठाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कार्रवाई नहीं हुई, तो चाइनीज मांझे के खिलाफ आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Samvad 24 Office
Samvad 24 Office

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News