डीएम-एसपी ने रामनगरिया मेले की व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण, संतों से संवाद कर दिए सुधार के निर्देश

संवाद 24 फर्रुखाबाद। पांचाल घाट पर आयोजित श्री रामनगरिया मेले की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने गुरुवार को मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न अखाड़ों में पहुंचकर साधु-संतों से मुलाकात की और मेले की व्यवस्थाओं को लेकर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने श्री पंच दस नाम जूना अखाड़ा, दंडी अग्नि मंडल अखाड़ा, गुरुकृपा अन्न क्षेत्र, दंडी मंडल के सुभाष आश्रम और श्री पंच दस नाम आवाहन अखाड़ा का दौरा किया। यहां उन्होंने महंत मोहनदास महाराज, सत्यगिरी महाराज, श्री बच्चा स्वामी महाराज, स्वामी धर्म चैतन्य गिरी और सोमवार पूरी सहित अन्य संतों से बातचीत कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

संतों द्वारा बताई गई समस्याओं पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक निर्देश दिए, ताकि उनका शीघ्र समाधान किया जा सके। इसके साथ ही प्रशासनिक अधिकारियों ने मेला क्षेत्र में सड़क, साफ-सफाई और अन्य बुनियादी सुविधाओं का भी निरीक्षण किया।

इसके बाद जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने मेला प्रशासन कार्यालय में ठेकेदारों के साथ समीक्षा बैठक की। निरीक्षण के दौरान सफाई और टेंट व्यवस्था में खामियां पाए जाने पर जिलाधिकारी ने संबंधित ठेकेदारों को कड़ी फटकार लगाई और व्यवस्थाओं को समयबद्ध ढंग से दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि मेले की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं, साधु-संतों और व्यापारियों की बड़ी संख्या को देखते हुए किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन का प्रयास है कि मेला शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हो।

Samvad 24 Office
Samvad 24 Office

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News