ट्रेन की चपेट में आने से 9 गोवंशों की मौत, कानपुर–कासगंज रेल मार्ग पर तीन अलग-अलग हादसे
Share your love

संवाद 24 फर्रुखाबाद। कानपुर–कासगंज रेल मार्ग पर मंगलवार को अलग-अलग स्थानों पर हुए तीन रेल हादसों में कुल नौ गोवंशों की मौत हो गई। सभी घटनाएं ट्रेन की चपेट में आने से हुईं। सबसे बड़ा हादसा कमालगंज थाना क्षेत्र के नगला दाऊद स्थित नवीन मंडी के पास सामने आया, जहां गोरखपुर अंत्योदय एक्सप्रेस की टक्कर से सात गोवंशों की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, फर्रुखाबाद से कानपुर की ओर जा रही गोरखपुर अंत्योदय एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 22921) नगला दाऊद के पास रेलवे ट्रैक पार कर रहे गोवंशों के झुंड से टकरा गई। हादसे में सात गोवंशों की मौत हो गई। मृत गोवंशों में एक गर्भवती गाय भी शामिल थी, जिसके पेट में पल रहे बछड़े की भी जान चली गई।
हादसे के कारण ट्रेन को मौके पर रोकना पड़ा, जिससे रेल यातायात प्रभावित हुआ। सूचना मिलने पर रेलवे कर्मचारी मौके पर पहुंचे और ट्रैक को साफ कराया गया। करीब 20 मिनट बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही अखिल भारतीय गौरक्षा महासंघ के प्रदेश महामंत्री अब्दुल जब्बार, जिलाध्यक्ष हरिगिरि और ब्लॉक अध्यक्ष शिवम ठाकुर अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। प्रभारी थानाध्यक्ष संदीप कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और खंड विकास अधिकारी अनिल चंद्रा को मामले से अवगत कराया गया। इसके बाद नगर पंचायत की जेसीबी मशीन से गड्ढा खुदवाकर मृत गोवंशों का विधिवत अंतिम संस्कार कराया गया।
इसी रेल मार्ग पर दूसरा हादसा गौसपुर गुमटी के पास हुआ, जहां एक मालगाड़ी की चपेट में आने से एक गोवंश की मौत हो गई। तीसरी घटना शेखपुर क्षेत्र में सामने आई, जहां एक गोवंश ट्रेन से कट गया। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो सका कि किस ट्रेन से यह दुर्घटना हुई। शव क्षत-विक्षत अवस्था में मिला।
शेखपुर की घटना की सूचना मिलने पर गोरक्षा संगठनों के कार्यकर्ताओं ने पुलिस को अवगत कराया। इसके बाद जेसीबी मशीन की मदद से गड्ढा खुदवाकर गोवंश के शव को दफनाया गया।






