पांचाल घाट पर 3.08 करोड़ की सड़क का लोकार्पण, जाम और ढलान की समस्या खत्म
Share your love

संवाद 24 फर्रुखाबाद। पांचाल घाट क्षेत्र में 3 करोड़ 8 लाख रुपये की लागत से बनी नई सड़क का लोकार्पण किया गया। सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी और जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने फीता काटकर सड़क का उद्घाटन किया।
लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा निर्मित यह सड़क पांचाल घाट पुल के पास से मेला रामनगरिया स्थल तक बनाई गई है। इसकी कुल लंबाई लगभग 1350 मीटर है। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, मेला सचिव और पीडब्ल्यूडी के अधिकारी भी उपस्थित रहे।
पहले यह मार्ग संकरा और अधिक ढलान वाला था, जिससे खासकर मेले के दौरान जाम की स्थिति बनी रहती थी। सड़क के चौड़ीकरण और सुधार कार्य के बाद अब आवागमन सुगम हो गया है। इसके साथ ही सड़क के दोनों ओर सुंदरीकरण और फुटपाथ का निर्माण भी कराया गया है।
लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान सदर विधायक ने पीएसी आरक्षी और जेल वार्डन भर्ती में आयु सीमा तीन वर्ष बढ़ाए जाने के निर्णय पर मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने बताया कि इस सड़क के निर्माण का प्रस्ताव पहले ही पीडब्ल्यूडी को दिया गया था।
विधायक ने यह भी कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री से श्रीराम नगरिया मेले को राजकीय मेला घोषित करने का अनुरोध किया था। इस वर्ष शासन से मेले के लिए धनराशि प्राप्त हुई है और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।






