आगरा: राधा कृष्ण मंदिर में चोरी, 3 किलो चांदी का छत्र और दानपेटी ले उड़े चोर
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। शहर के न्यू आगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत लायर्स कॉलोनी स्थित प्राचीन राधा कृष्ण मंदिर में मंगलवार रात चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोर पीछे के रास्ते से मंदिर परिसर में घुसे और शिवलिंग पर चढ़ा तीन किलो से अधिक वजन का चांदी का छत्र चोरी कर ले गए। इसके साथ ही दानपेटी भी उठाकर ले गए, जिससे श्रद्धालुओं में आक्रोश और चिंता का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, चोरों ने मंदिर में घुसने के बाद एक अलमारी और किचन का ताला तोड़ा। इसके बाद दानपेटी को उठाकर पीछे स्थित पार्क में ले गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि दानपेटी चार दिन पहले ही खाली की गई थी, इसलिए उसमें अधिक धनराशि नहीं थी। बावजूद इसके, चांदी का कीमती छत्र चोरी होना मंदिर ट्रस्ट और श्रद्धालुओं के लिए बड़ा झटका है।
घटना की सूचना मिलते ही मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष तेजपाल मगन और उपाध्यक्ष परेश निझावन मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद थाना न्यू आगरा पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया तथा संभावित रास्तों की पड़ताल की।
चोरी की जानकारी फैलते ही स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्रीय विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह भी मंदिर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों से बातचीत कर जल्द से जल्द चोरी का खुलासा करने और आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
पुलिस का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि चोरों ने पहले से रेकी कर वारदात को अंजाम दिया।
यह घटना न सिर्फ सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, बल्कि धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ाती है। श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मंदिरों की सुरक्षा बढ़ाने और रात्रि गश्त को प्रभावी करने की मांग की है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही चोरी का खुलासा कर आरोपियों को कानून के शिकंजे में लाया जाएगा।






