शीतगृह ऑपरेटर की सड़क हादसे में मौत, परिजनों का गुस्सा फूटा, मयूर शीतगृह पर जमकर हंगामा
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। आगरा के एत्मादपुर क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक युवा जीवन छीन लिया। बरहन रोड पर स्थित मयूर शीतगृह में ऑपरेटर के रूप में कार्यरत 25 वर्षीय रिंकू पुत्र उदयराम सिंह की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसा 19 दिसंबर को हुआ था, लेकिन बुधवार को उनकी सांसें थम गईं। मौत की खबर फैलते ही परिजनों का गुस्सा भड़क उठा और वे शव लेकर शीतगृह पहुंच गए, जहां जमकर हंगामा किया।
परिजनों का आरोप है कि शीतगृह मालिक ने रिंकू को निजी काम से बाइक पर भेजा था, जिसके कारण यह हादसा हुआ। गांव अगवार के निवासी रिंकू उस दिन शीतगृह स्वामी के इशारे पर बाइक से बाहर निकले थे। रास्ते में गांव मितावली के पास गढ़ी महासिंह वाले बंबा के निकट उनका एक्सीडेंट हो गया। हादसे के बाद रिंकू काफी देर तक झाड़ियों में पड़े रहे। स्थानीय पुलिस को सूचना मिलने पर परिजनों को बताया गया। आनन-फानन में उन्हें आगरा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां कई दिनों तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद उन्होंने दम तोड़ दिया।
परिजनों ने शीतगृह स्वामी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि रिंकू का मोबाइल फोन जब्त कर लिया गया था और उन्हें व्यक्तिगत काम के लिए भेजा गया। उनका कहना है कि अगर यह काम आधिकारिक होता तो शीतगृह की गाड़ी उपलब्ध कराई जाती। गुस्साए परिजनों ने शीतगृह के बाहर हंगामा किया और स्वामी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।






