दुकान पर बैठी किशोरी से छेड़खानी पड़ी भारी, शोहदे को खंभे से बांधकर पीटा

संवाद 24 संवाददाता। थाना अछनेरा क्षेत्र के काशीराम कॉलोनी में किशोरी से छेड़खानी का मामला सामने आने के बाद इलाके में तनाव फैल गया। आरोप है कि एक युवक ने परचून की दुकान पर बैठी किशोरी से अभद्रता की। विरोध करने पर आरोपी ने किशोरी की मां के साथ गाली-गलौज और मारपीट कर दी। घटना से आक्रोशित लोगों ने युवक को पकड़कर खंभे से बांध दिया और उसकी पिटाई कर दी।

घटना का वीडियो मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने बना लिया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में युवक को खंभे से बंधा हुआ और लोगों द्वारा उसके साथ मारपीट करते देखा जा सकता है। वायरल वीडियो के बाद पुलिस महकमे में भी हलचल मच गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने एक आरोपी युवक सोहेल, निवासी शेखान मोहल्ला, को हिरासत में ले लिया है। बताया जा रहा है कि घटना में शामिल दूसरा आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, पीड़ित परिवार की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज किया जा रहा है। आरोपी के खिलाफ छेड़खानी, मारपीट और सार्वजनिक शांति भंग करने जैसी धाराओं में कार्रवाई की जाएगी। वहीं, कानून हाथ में लेने वालों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

Deepak Singh
Deepak Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News