कोहरे का कहर: आगरा–जयपुर हाईवे पर भीषण हादसा, छह वाहन टकराए; बस चालक का पैर कटा
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। आगरा–जयपुर हाईवे पर बुधवार देर रात घना कोहरा जानलेवा साबित हुआ। किरावली कस्बे में अभुआपुरा बिजली घर के सामने रात करीब 12 से 1 बजे के बीच हुए भीषण सड़क हादसे में छह वाहन आपस में भिड़ गए। इस दर्दनाक दुर्घटना में कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक बस चालक का पैर कट जाने से उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कोहरे के कारण हाईवे पर दृश्यता बेहद कम थी। इसी दौरान दो ट्रक, दो स्लीपर बसें और दो कारें एक के बाद एक टकरा गईं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कई वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और कुछ यात्रियों को वाहन के अंदर से बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही किरावली थाना पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वाहनों से बाहर निकाला और एंबुलेंस के जरिए उन्हें अस्पताल भिजवाया। गंभीर रूप से घायल बस चालक के पैर कट जाने की पुष्टि पुलिस ने की है।
काफी देर तक हाईवे पर यातायात बाधित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटवाकर संकेतक लगाए, जिसके बाद धीरे-धीरे यातायात बहाल किया जा सका।
थाना प्रभारी नीरज कुमार ने वाहन चालकों से अपील की है कि कोहरे और खराब मौसम में अत्यधिक सावधानी बरतें। उन्होंने कहा कि कम दृश्यता की स्थिति में धीमी गति से वाहन चलाएं, सुरक्षित दूरी बनाए रखें और यदि आगे का रास्ता स्पष्ट न दिखे तो वाहन को सड़क किनारे खड़ा कर दें।






