आगरा के गांधी नगर में सरेराह दबंगई, मामूली विवाद ने लिया हिंसक रूप

संवाद 24 संवाददाता। आगरा के पॉश इलाके गांधी नगर में बुधवार रात सरेराह दबंगई का नजारा देखने को मिला, जहां मामूली विवाद ने अचानक उग्र रूप ले लिया। थाना हरीपर्वत क्षेत्र में बीच सड़क हुई इस मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, रामबाग गल्ला मंडी निवासी रिषी राठौर अपनी टाटा पंच कार से दोस्त मोनू कुशवाह को छोड़ने गांधी नगर आए थे। गांधी नगर चौराहे के पास पान की दुकान पर रुकने के दौरान वहां मौजूद समीर नामक युवक ने उनकी कार का शीशा खोलने और तोड़ने की कोशिश की। विरोध करने पर गाली-गलौज शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हिंसा में बदल गई।

आरोप है कि समीर ने अपने साथियों—आकाश, विकास, अरमान, पीयूष, कादू, नितिन और तीन-चार अन्य युवकों—को मौके पर बुला लिया। सभी युवक थार गाड़ी से पहुंचे और लाठी-डंडों, ईंट-पत्थरों के साथ दुकान से उठाए गए पंखे और नारियल तक से दोनों युवकों पर हमला कर दिया। भगदड़ के दौरान विरोध करने पर एक सब्जी ठेला लगाने वाले को भी पीट दिया गया।

मारपीट में रिषी राठौर की आंख के पास गंभीर चोट आई, जिससे खून बहने लगा, जबकि मोनू कुशवाह के हाथ, सीने और सिर में चोटें आईं। पीड़ितों का आरोप है कि घटना के दौरान रिषी की सोने की ब्रेसलेट और अंगूठी, जबकि मोनू की घड़ी गिर गई। पुलिस के पहुंचते ही आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। एसीपी हरिपर्वत अक्षय महाडिक ने बताया कि मामले में छह नामजद और चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि शेष की तलाश जारी है।

पॉश इलाके में खुलेआम हुई इस घटना ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो के आधार पर भी आरोपियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में ऐसी दबंगई दोहराई न जा सके।

Samvad 24 Office
Samvad 24 Office

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News