पांच मिनट में चार इंजेक्शन, झोलाछाप की लापरवाही से प्रसूता की मौत, स्टाफ ताला लगाकर फरार

संवाद 24 संवाददाता। बाह क्षेत्र में स्थित न्यू लाइट हॉस्पिटल में एक गंभीर लापरवाही ने एक परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। कथित झोलाछाप द्वारा कराए गए प्रसव के दौरान प्रसूता की अचानक हालत बिगड़ने पर पांच मिनट में चार इंजेक्शन लगा दिए गए। कुछ ही देर बाद प्रसूता सुमन (30) की मौत हो गई। मौत को छुपाने के लिए अस्पताल प्रबंधन ने परिवार को गुमराह किया और फिर शव को एंबुलेंस में छोड़कर स्टाफ ताला लगाकर फरार हो गया। परिजनों के हंगामे पर पुलिस मौके पर पहुंची, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और अस्पताल को तत्काल सील कर दिया गया।

प्रवेश शुल्क 50 हजार और फिर 30 हजार की उगाही
जैतपुर के क्यारी गांव निवासी मुकेश कुमार ने पत्नी सुमन को मंगलवार शाम प्रसव पीड़ा बढ़ने पर न्यू लाइट हॉस्पिटल में भर्ती कराया। सामान्य प्रसव का झांसा देकर उनसे 50,000 रुपये एडवांस ले लिए गए। बुधवार सुबह करीब 6 बजे सुमन ने बेटे को जन्म दिया। जन्म के कुछ समय बाद ही उसकेहाथ-पैर अकड़ने लगे, घबराहट बढ़ने लगी, स्टाफ ने स्थिति संभालने के नाम पर 2–3 मिनट में चार इंजेक्शन लगा दिए। इसके कुछ ही समय बाद सुमन की सांसें थम गईं, लेकिन अस्पताल उसे “बेहोश” बताता रहा। इसी बीच स्टाफ ने परिवार को डराकर कहा कि उसे बड़े अस्पताल ले जाना होगा और इस बहाने 30,000 रुपये और वसूल लिए।

शव को एंबुलेंस में छोड़कर बंद कर दी अस्पताल की कुंडी
एंबुलेंस में प्रसूता को लिटाने के बाद अस्पतालकर्मी अचानक अस्पताल पर ताला लगाकर भाग गए। जब परिजन ने एंबुलेंस में सुमन की जांच की तो वह मृत पाई गई। इसके बाद उनका गुस्सा भड़क गया और वे शव लेकर थाने पहुंच गए। बाह थाना पुलिस ने अस्पताल संचालक समेत अज्ञात स्टाफ के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। स्वास्थ्य विभाग ने भी अलग से केस दर्ज कराते हुए अस्पताल को सील कर दिया।

अवैध रूप से चल रहा था अस्पताल, जिम्मेदारों पर बन रहे हैं मामले
सीएचसी बाह के अधीक्षक डॉ. जितेंद्र वर्मा ने बताया कि न्यू लाइट हॉस्पिटल बिना पंजीकरण के संचालित हो रहा था
अस्पताल को तत्काल सील किया गया नवजात को सीएचसी की NBSU यूनिट में भर्ती कराया गया है सीएमओ डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने कहा कि यह जांच की जा रही है कि बिना अनुमति के अस्पताल इतने समय से कैसे चल रहा था। जिम्मेदारों पर कार्रवाई तय है।

Deepak Singh
Deepak Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News