अंतरराज्यीय लूटेरों से पुलिस की जोरदार मुठभेड़, गैंग लीडर समेत 4 गिरफ्तार, 2 गोली लगने से घायल

Share your love

संवाद 24 आगरा। पुलिस ने बुधवार तड़के बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय लूटेरा गैंग को ध्वस्त कर दिया। मोबाइल और बाइक लूट की कई वारदातों को अंजाम देने वाले इस गैंग से गढ़ी देवरी अंडरपास के पास पुलिस की जबरदस्त मुठभेड़ हुई।

बदमाशों की फायरिंग का मुंहतोड़ जवाब देते हुए पुलिस ने दो लुटेरों के पैर में गोली मारी, जबकि उनके दो अन्य साथियों को मौके से दबोच लिया। पकड़े गए बदमाशों की पहचान निबोहरा (आगरा) निवासी सूरज, सुंदर, पवन और धौलपुर (राजस्थान) निवासी भरत के रूप में हुई है। इनमें से सुंदर गैंग का सरगना है, जिसके खिलाफ आगरा और राजस्थान में एक दर्जन से ज्यादा लूट व डकैती के मुकदमे दर्ज हैं।

घायल सूरज और सुंदर (दोनों रिश्तेदार) को एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने बताया कि 19 नवंबर को एकता थाना क्षेत्र में इनर रिंग रोड पर डॉकी निवासी अमित की बाइक और उसी रात दिगनेर पुलिया पर एक राहगीर का मोबाइल लूटा गया था। दोनों मामलों में मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस लगातार लुटेरों की तलाश में थी।

बुधवार सुबह सूचना मिली कि ये बदमाश फिर वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने संयुक्त रूप से गढ़ी देवरी अंडरपास के पास घेराबंदी कर रखी थी। दो बाइकों पर सवार चार संदिग्धों को रोकते ही बदमाशों ने तमंचे से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें सूरज और सुंदर के पैर में गोली लगी। मौके से भरत और पवन को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने मौके से लूटी हुई बाइक, मोबाइल फोन, देशी तमंचे और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पूछताछ में पता चला कि गैंग में निबोहरा के हरेंद्र और रवि भी शामिल हैं, जिनकी तलाश जारी है। डीसीपी ने बताया कि यह गैंग गुजरात, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में सक्रिय था और रास्ते में अकेले लोगों को निशाना बनाता था।पुलिस की इस साहसी कार्रवाई से शहर में लूट की बढ़ती घटनाओं पर लगाम लगने की उम्मीद जगी है।

Pavan Singh
Pavan Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News