भीड़ से भरी जन चौपाल: 251 शिकायतों के साथ सांसद के सामने फूट पड़ा जनता का दर्द, हर समस्या का समाधान देने का आश्वासन

Share your love

संवाद 24 आगरा। नगरकोटेश्वर महादेव मंदिर प्रांगण में आयोजित सांसद जन चौपाल में ग्रामीण व शहरी समस्याओं के साथ पहुंचे सैकड़ों लोगों ने सांसद के सामने अपनी शिकायतें रखीं। आरोप प्रत्यारोप, शिकायतों के अंबार और समाधान की उम्मीदों के बीच यह जन चौपाल ग्रामीण शहरी जनता के लिए सीधे संवाद का महत्वपूर्ण मंच बन गई।

सांसद राजकुमार चाहर ने कहा कि जन चौपाल का उद्देश्य जनता की समस्याओं को बिना किसी मध्यस्थ के सीधे सुनना और पारदर्शी ढंग से उनका समाधान सुनिश्चित करना है। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे, जिन्होंने मौके पर ही कई शिकायतों पर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।

251 शिकायतें दर्ज, बिजली पानी से लेकर कानून व्यवस्था तक मुद्दे उठे
सांसद जन चौपाल में कुल लगभग 251 शिकायतें दर्ज की गईं। बिजली विभाग के खिलाफ उपभोक्ताओं ने अनियमित आपूर्ति, गलत बिलिंग और लाइन फॉल्ट को लेकर नाराजगी जताई। शिक्षा विभाग से जुड़े लोगों ने विद्यालयों में सुविधाओं की कमी और शिक्षकों की अनुपस्थिति के मुद्दे उठाए। पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों में कार्रवाई में देरी और कानून व्यवस्था से जुड़े सवाल प्रमुख रहे। कृषि, स्वास्थ्य, नगर निगम, जल विभाग और राजस्व विभाग की शिकायतें भी सामने आईं।

प्रधानमंत्री आवास और बीमा योजनाओं पर भी सवाल
कई लाभार्थियों ने प्रधानमंत्री आवास योजना और बीमा योजनाओं में देरी की शिकायतें दर्ज कराई। सांसद ने मौके पर बैठे अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र परिवारों तक लाभ पहुंचाना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

कार्यक्रम में लगभग 220 लोगों को प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना और बीमा योजनाओं के लाभ के प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। सांसद ने आश्वस्त किया कि जो भी मामलों का समाधान मौके पर नहीं हो सका, उन्हें निर्धारित समय सीमा में निपटाया जाएगा।

सांसद ने अधिकारियों को दिए स्पष्ट निर्देश
सांसद ने विभागीय अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में समस्याओं का समाधान प्राथमिकता से किया जाए और शिकायतों को लंबित न रखा जाए। उन्होंने कहा कि सरकार गांव, गरीब, किसान और नौजवानों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है और जन चौपाल इसका मजबूत माध्यम है।

स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने की भागीदारी
चौपाल में पूर्व विधायक महेश गोयल, डीसीबी चेयरमैन अतुल यादव, बीजेपी जिला अध्यक्ष रामायण यादव, उपाध्यक्ष ऋषि राव, मंडल अध्यक्ष अरविंद राजपूत, जिला पूर्व अध्यक्ष जयवीर सिंह, महामंत्री नरेंद्र सुरा, महेन्द्र चौहान, मेयर प्रतिनिधि अभिषेक जैन, मंडल प्रभारी रविंद्र सिंह, ब्लॉक प्रमुख शीतल गोस्वामी, मंडल मंत्री प्रदीप गुप्ता, श्रीकांत त्यागी, अल्पसंख्यक मोर्चा जिला अध्यक्ष अब्दुल करीम कुरैशी, व्यापारी नेता सचिन गर्ग, अंकित कुमार, सुधीर गर्ग, किसान मोर्चा के रविंद्र फौजदार, वीरेंद्र सिंह, वीर पाल सिंह, बूथ अध्यक्ष सतेंद्र यादव, गौरव भारद्वाज, सौरभ चौधरी, सोशल वॉलंटियर सतेंद्र यादव, संदीप यादव, वरिष्ठ कार्यकर्ता सुरेश चौहान, सतीश यादव, सतीश सोलंकी सहित कई स्थानीय नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने जनता से अधिक से अधिक संवाद कर समस्याओं को आगे बढ़ाने की अपील की।

Samvad 24 Office
Samvad 24 Office

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News