आगरा–जयपुर हाईवे पर चलते कंटेनर में लगी आग, सैमसंग के फ्रिज ले जा रहा था चेन्नई

संवाद 24 संवाददाता। आगरा–जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पथौली नहर पुल के पास दौड़ते कंटेनर में अचानक आग लग गई। कंटेनर नोएडा से सैमसंग कंपनी के फ्रिज लेकर चेन्नई जा रहा था। आग लगते ही हाईवे पर यातायात कुछ देर के लिए प्रभावित हो गया।

कंटेनर चालक दीपक शर्मा, निवासी बलदेव (मथुरा) ने बताया कि वह नोएडा से सैमसंग कंपनी के 85 फ्रिज लेकर चेन्नई के लिए रवाना हुआ था। जैसे ही कंटेनर पथौली नहर पुल के पास पहुंचा, उसका पिछला टायर अचानक फट गया। टायर फटने से कंटेनर अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे लगी हाईटेंशन लाइन के तारों से छू गया, जिससे कंटेनर में आग लग गई।

आग लगते ही चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए कंटेनर से छलांग लगाई और खुद को सुरक्षित बचाया। इसके बाद उसने तत्काल पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। कुछ ही देर में ईदगाह फायर स्टेशन से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं।

फायर ब्रिगेड कर्मियों ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, आग की चपेट में आने से कंटेनर में लदे कुछ फ्रिज क्षतिग्रस्त हो गए। स्थिति सामान्य होने के बाद शेष फ्रिजों को दूसरे कंटेनर में स्थानांतरित किया गया, ताकि आगे की आपूर्ति प्रभावित न हो।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी डीके सिंह ने बताया कि समय पर सूचना मिलने और दमकल कर्मियों की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया। यदि आग पर समय रहते काबू न पाया जाता, तो हाईवे पर बड़ा नुकसान हो सकता था।

घटना के बाद पुलिस ने यातायात को सुचारु कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Deepak Singh
Deepak Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News