अबुल उला दरगाह कट पर दर्दनाक हादसा: तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार को रौंदा, युवक की मौके पर मौत

Share your love

संवाद 24 संवाददाता। आगरा के न्यू आगरा थाना क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अबुल उला दरगाह कट के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान सिकंदरा निवासी बने सिंह के रूप में हुई है। बताया गया है कि वह एक चिकित्सक के पास काम करता था और रोज की तरह बाइक से जा रहा था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक की रफ्तार काफी तेज थी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
घटना के चलते खंदारी से रामबाग की ओर जाने वाला यातायात लगभग आधे घंटे तक बाधित रहा। पुलिस ने ट्रक और क्षतिग्रस्त बाइक को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया।

न्यू आगरा थाना पुलिस का कहना है कि ट्रक की पहचान कर ली गई है और चालक की तलाश की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस हादसे से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। स्थानीय लोगों ने अबुल उला दरगाह कट पर लगातार हो रहे हादसों को लेकर प्रशासन से सुरक्षा इंतजाम और स्पीड कंट्रोल के पुख्ता कदम उठाने की मांग की है।

Deepak Singh
Deepak Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News