अगर आत्महत्या की तो पुलिस जिम्मेदार होगी थाने में महिला ने बनाया वीडियो, पति से विवाद में सुनवाई न होने का लगाया आरोप

Share your love

संवाद 24 संवाददाता। थाना बासौनी में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला ने थाने के भीतर वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया। वीडियो में महिला ने आरोप लगाया कि यदि वह आत्महत्या करती है तो इसके लिए बासौनी पुलिस जिम्मेदार होगी, क्योंकि उसकी बात नहीं सुनी जा रही और उसे परेशान किया जा रहा है।

महिला की पहचान कमलेश गहलोत, निवासी बासौनी के रूप में हुई है। उनका अपने पति रामसेवक (निवासी गांव बड़ोस) से पिछले 13 वर्षों से पारिवारिक विवाद चल रहा है। दोनों के बीच तलाक का मुकदमा न्यायालय में लंबित है, जिसकी अगली सुनवाई 23 जनवरी को प्रस्तावित है।

पति-पत्नी विवाद को लेकर थाने बुलाया गया था
पुलिस के अनुसार, रविवार को पति-पत्नी दोनों को विवाद के समाधान के लिए थाना बासौनी बुलाया गया था। थाने में दोनों पक्षों से बातचीत की गई, लेकिन पति ने पत्नी को साथ रखने से इनकार कर दिया। इसी दौरान महिला भावुक हो गई और थाने में ही वीडियो रिकॉर्ड कर लिया।

पहले भी दे चुकी है जान देने की चेतावनी
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, 20 दिसंबर को महिला ने डायल 112 पर कॉल कर बताया था कि उसकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है और वह पिनाहट घाट पर आत्महत्या करने जा रही है। सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची थी और महिला को समझाकर सुरक्षित थाने लाई गई थी।

वीडियो में क्या बोली महिला
करीब एक मिनट आठ सेकंड के वायरल वीडियो में महिला कहती दिख रही है—
“मैं थाना बासौनी में खड़ी हूं। एसओ ने फोन कर बुलाया है। पति को अंदर बैठाया गया है और मैं बाहर खड़ी हूं। मेरी कोई सुनवाई नहीं हो रही। अगर मैं मजबूरी में आत्महत्या करती हूं तो बासौनी पुलिस जिम्मेदार होगी। मुझे बहुत परेशान किया जा रहा है। मुझसे अभद्रता की जा रही है। कहा जा रहा है कि तुमने अपने पति को जेल भेज दिया, अब घर कैसे बसाएंगे। मैंने पति को जेल नहीं भेजा, कानून ने भेजा है। मैं अपने हक की लड़ाई लड़ रही हूं।”

पुलिस का पक्ष
थाना बासौनी के प्रभारी सतेंद्र पाल सिंह ने बताया कि पति-पत्नी को उनकी समस्या सुनने और समाधान के प्रयास के लिए बुलाया गया था, लेकिन सहमति नहीं बन सकी।
वहीं एसीपी पिनाहट गिरीश कुमार ने कहा कि मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा है। दोनों पक्षों को समझाया गया है। महिला की ओर से फिलहाल कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। यदि तहरीर मिलती है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने बताया कि महिला को एक बार फिर बुलाकर काउंसलिंग कराई जाएगी और मामले को परिवार परामर्श केंद्र भेजा जाएगा। वीडियो के वायरल होने की भी जांच की जा रही है।

प्रशासन की अगली कार्रवाई
पुलिस का कहना है कि मामले को संवेदनशील मानते हुए महिला की काउंसलिंग कराई जाएगी और कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का दावा है कि किसी भी पक्ष के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा

Deepak Singh
Deepak Singh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News