स्कूलों की छुट्टी का नया आदेश कड़ाके की ठंड के चलते 12वीं तक के विद्यालय 8 जनवरी तक बंद।
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। नए साल की शुरुआत के साथ ही आगरा में सर्दी ने अपना तीखा असर दिखाना शुरू कर दिया है। कड़ाके की ठंड, गलन और घने कोहरे ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर रखा है। ऐसे हालात में स्कूली बच्चों को राहत देते हुए जिला प्रशासन ने कक्षा 12वीं तक के सभी विद्यालयों को 8 जनवरी तक बंद रखने के आदेश जारी किए हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रशेखर ने बताया कि ठंड और मौसम की गंभीरता को देखते हुए 6 से 8 जनवरी तक यूपी बोर्ड, सीबीएसई बोर्ड समेत सभी बोर्ड के स्कूलों में शैक्षणिक कार्य स्थगित रहेगा। यह आदेश जिले के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों पर समान रूप से लागू होगा।
सीजन की सबसे ठंडी रात
भीषण ठंड के बीच रविवार की रात इस सीजन की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस जबकि अधिकतम तापमान 16.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान केंद्र ने सोमवार को घने कोहरे और अगले एक सप्ताह तक न्यूनतम तापमान में और गिरावट की संभावना जताई है।
कोहरे के साथ बढ़ा प्रदूषण
ठंड और कोहरे की चादर ने वायु गुणवत्ता पर भी गंभीर असर डाला है। स्मार्ट सिटी के आंकड़ों के अनुसार संजय टॉकीज, छीपीटोला, धूलियागंज, कलाकृति और बाग फरजाना क्षेत्रों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 400 के पार पहुंच गया। वहीं श्मशान घाट, ईदगाह चौराहा, सदर भट्टी, पुरानी मंडी, चीलघर चौराहा, सिकंदरा तिराहा, राजपुर चुंगी और एसबीआई जोनल ऑफिस के आसपास AQI 350 से ऊपर दर्ज किया गया।
हालांकि केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के अनुसार शहर का औसत AQI 163 रिकॉर्ड किया गया है, जो मध्यम से खराब श्रेणी में आता है।
स्वास्थ्य विभाग की सलाह
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को सुबह और रात के समय विशेष सावधानी बरतने, मास्क पहनकर बाहर निकलने और बच्चों व बुजुर्गों को ठंड से बचाने की सलाह दी है। ठंड और प्रदूषण को देखते हुए प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।






