नगला बूढ़ी में बेकाबू थार डिवाइडर पर चढ़ी, टायर फटे; एयरबैग खुलने से बाल-बाल बची चालक की जान।
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। आगरा के नगला बूढ़ी क्षेत्र में शनिवार रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। दयालबाग 100 फुटा रोड से खंदारी की ओर जा रही तेज रफ्तार थार कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन के चालक की ओर के दोनों टायर फट गए और कार सड़क पर गोल-गोल घूमती हुई रुक पाई।
प्रत्यक्षदर्शी सोनू चौहान के अनुसार, घटना रात करीब 9:15 बजे की है। काले रंग की थार तेज गति में थी और अचानक संतुलन बिगड़ने से डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर के बाद कार सड़क पर घूम गई, जिससे कुछ देर के लिए इलाके में अफरातफरी मच गई और यातायात बाधित हो गया।
एयरबैग ने बचाई जान
गनीमत रही कि हादसे के समय कार के एयरबैग खुल गए, जिससे चालक को गंभीर चोट नहीं आई और उसकी जान बच गई। सूचना मिलते ही न्यू आगरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल चालक को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है, जबकि उसकी पहचान और हादसे के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।
पहले भी हो चुका है जानलेवा हादसा
यह वही स्थान है, जहां अक्तूबर महीने में एक भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो चुकी है। एक बार फिर उसी जगह दुर्घटना होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गई। लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार और यातायात नियंत्रण की कमी लगातार हादसों का कारण बन रही है।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को हटवाकर यातायात सुचारु कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।






