जुमे की नमाज के बाद गांव में तनाव, पुरानी रंजिश ने लिया हिंसक रूप : महिला समेत दो घायल
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। कमालगंज थाना क्षेत्र के ग्राम शेखपुर में शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पुरानी रंजिश को लेकर दो पड़ोसी पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों ओर से मारपीट व पथराव शुरू हो गया। घटना में एक महिला सहित दो लोग घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शेखपुर निवासी नावेद और पास के मजरे नगला निवासी असद के बीच कुछ समय पहले एक मेले में विवाद हुआ था, जिसकी रंजिश चली आ रही थी। शुक्रवार दोपहर करीब साढ़े एक बजे नमाज के बाद लौटते समय दोनों पक्षों के बीच फिर से विवाद भड़क उठा। पहले गाली-गलौज हुई, फिर लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर चलने लगे, जिससे गांव में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
हिंसा के दौरान नावेद पक्ष की जुवैदा बेगम और दूसरे पक्ष के असद अली को चोटें आईं। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक अधिकांश आरोपी फरार हो चुके थे।
पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर कार्रवाई शुरू कर दी है। एक पक्ष ने सात नामजद और 15 अज्ञात, जबकि दूसरे पक्ष ने तीन नामजद और 11 अज्ञात लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। कुल मिलाकर 26 लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था बनी हुई है। मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।






