ईंट से सिर कुचलकर युवक की नृशंस हत्या, लिंटर डालने निकला था काम पर ; पड़ोसी गांव में मिला शव
Share your love

संवाद 24 संवाददाता। कन्नौज जिले में एक दिल दहला देने वाली हत्या का मामला सामने आया है। काम पर निकला 26 वर्षीय युवक अगले दिन पड़ोसी गांव में मृत अवस्था में मिला। युवक का सिर और चेहरा ईंट से कुचलकर बेरहमी से हत्या की गई थी। घटनास्थल से खून से सनी ईंट भी बरामद हुई है, जिससे वारदात की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा रहा है।
सौरिख थाना क्षेत्र के कांकरकुई गांव निवासी शिवपाल का बेटा श्याम सुंदर गुरुवार सुबह मशीन से लिंटर डालने के लिए घर से निकला था। देर रात तक घर न लौटने पर परिजन चिंतित हुए। शुक्रवार सुबह सूचना मिली कि श्याम सुंदर का शव मधुपुरी गांव में एक ग्रामीण के दरवाजे के पास पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, जहां उन्होंने युवक का रक्तरंजित शव देखा।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार, तिर्वा एसडीएम राजेश कुमार, सीओ छिबरामऊ सुरेश कुमार मलिक सहित कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जरूरी साक्ष्य एकत्र किए।
परिजनों ने मधुपुरी गांव निवासी उदयवीर पर हत्या का आरोप लगाया है। मृतक के पिता ने नामजद तहरीर देते हुए कहा कि श्याम सुंदर आरोपी का ट्रैक्टर चलाता था। हत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजनों ने कुछ देर तक शव उठाने से रोक दिया, बाद में अधिकारियों के समझाने पर स्थिति सामान्य हुई।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित की गई हैं और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
इस सनसनीखेज वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं परिजन न्याय की मांग पर अड़े हुए हैं।






