भाजपा का राहुल गांधी पर विदेश जाकर भारत विरोधी नैरेटिव फैलाने का आरोप, वियतनाम दौरे को लेकर उठे सवाल
Share your love

संवाद 24 नई दिल्ली। भाजपा ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के वियतनाम दौरे को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। पार्टी का दावा है कि राहुल गांधी विदेशों में भारत विरोधी तत्वों के मंच पर जाकर देश के खिलाफ बयानबाजी करते हैं। भाजपा ने कांग्रेस से यह स्पष्ट करने की मांग की है कि राहुल गांधी को विदेशों में कौन आमंत्रित करता है और इसके पीछे उनका क्या उद्देश्य है।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने शनिवार को कहा कि राहुल गांधी बार-बार विदेश जाकर भारत के खिलाफ “जहर उगलने” का काम करते हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब कांग्रेस शासित राज्यों में भी राहुल गांधी को औपचारिक कार्यक्रमों में बुलावा नहीं मिलता, तो विदेशों में उन्हें कौन और किस मकसद से आमंत्रित करता है। त्रिवेदी ने कहा कि देश को यह जानने का अधिकार है कि राहुल गांधी किन लोगों के मेहमान बनते हैं और वहां क्या संदेश देते हैं।
भाजपा नेताओं ने राहुल गांधी की विदेश यात्राओं को लेकर कांग्रेस पर लगातार हमलावर रुख अपनाया। हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा कि जो व्यक्ति कथित तौर पर राष्ट्रविरोधी ताकतों के साथ खड़ा होता है, उसकी बात अब कांग्रेस के कार्यकर्ता भी गंभीरता से नहीं लेते। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी विदेशों में भारत को बदनाम करने वाली “तैयार स्क्रिप्ट” पढ़ते हैं।
भाजपा नेता गौरव वल्लभ ने कहा कि राहुल गांधी के विदेशी दौरों के बाद अक्सर भारत के आंतरिक मामलों पर विदेशी नेताओं की टिप्पणियां सामने आती हैं। उन्होंने मांग की कि यह सार्वजनिक किया जाए कि राहुल गांधी विदेश में किन लोगों से मिलते हैं और वहां किस तरह की बातचीत होती है।
भाजपा ने राहुल गांधी की हालिया और पूर्व की कई विदेश यात्राओं का हवाला देते हुए कहा कि पिछले छह महीनों में वे जर्मनी, ब्रिटेन, मलेशिया और दक्षिण अमेरिका के देशों का दौरा कर चुके हैं। पार्टी का आरोप है कि इन दौरों के दौरान राहुल गांधी ने कई बार भारत, भारतीय संस्थाओं और सरकार के खिलाफ बयान दिए, जिससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश की छवि को नुकसान पहुंचा।
भाजपा नेताओं ने यह भी दावा किया कि नेता प्रतिपक्ष बनने के बाद राहुल गांधी ने विदेशों में संविधान, चुनाव आयोग, आरएसएस और भाजपा को लेकर विवादित बयान दिए हैं, जिन्हें पार्टी भारत विरोधी नैरेटिव का हिस्सा मानती है। पार्टी का कहना है कि इससे पहले भी सीएए आंदोलन, चुनावी दौर और राष्ट्रीय कार्यक्रमों के समय राहुल गांधी की विदेश यात्राओं को लेकर विवाद खड़े होते रहे हैं।
भाजपा के इन आरोपों पर कांग्रेस की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। हालांकि, वियतनाम दौरे को लेकर उठे सवालों के बाद राजनीतिक हलकों में एक बार फिर राहुल गांधी की विदेश यात्राओं और उनके बयानों को लेकर बहस तेज हो गई है।






