प्रदूषण से मिली बड़ी राहत, GRAP-3 हटते ही दिल्ली-NCR ने ली साफ सांस

Share your love

संवाद 24 दिल्ली। राजधानी दिल्ली और एनसीआर के लोगों को वायु प्रदूषण से बड़ी राहत मिली है। एयर क्वालिटी में लगातार सुधार को देखते हुए प्रशासन ने GRAP-3 की पाबंदियों को हटाने का फैसला किया है। गुरुवार को जहां दिल्ली का AQI 380 दर्ज किया गया था, वहीं शुक्रवार शाम 4 बजे यह घटकर 236 पर पहुंच गया। हालात बेहतर होने के बाद कमीशन फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट (CAQM) ने पूरे NCR क्षेत्र से स्टेज-III की सभी पाबंदियां तत्काल प्रभाव से हटा दीं।

हालांकि प्रदूषण पर नियंत्रण बनाए रखने के लिए स्टेज-I और स्टेज-II के नियम अभी लागू रहेंगे। अधिकारियों के मुताबिक हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर दोबारा सख्ती की जा सकती है।

GRAP-3 हटने के साथ ही गैर-जरूरी निर्माण और तोड़फोड़ कार्यों पर लगी रोक भी समाप्त हो गई है। हालांकि जिन निर्माण स्थलों को नियमों के उल्लंघन के चलते बंद किया गया था, वे बिना अनुमति दोबारा शुरू नहीं हो सकेंगे। इससे पहले दिसंबर में GRAP-4 की पाबंदियां भी हटा ली गई थीं।

दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने वायु गुणवत्ता में सुधार को सरकार की नीतियों का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि दिल्लीवासियों ने सरकार को सेवा का अवसर दिया और स्वच्छ हवा को प्राथमिक लक्ष्य बनाया गया। बेहतर AQI वाले दिन यह साबित करते हैं कि सही रणनीति और लगातार प्रयासों से हालात बदले जा सकते हैं।

उन्होंने बताया कि धूल नियंत्रण के लिए सड़कों पर मशीनों से सफाई बढ़ाई गई, 405 एंटी-स्मॉग गन सड़क किनारे और ऊंची इमारतों पर लगाई गईं, व्यस्त इलाकों में नियमित पानी का छिड़काव किया गया और निर्माण स्थलों पर सख्त नियम लागू किए गए। नियमों के उल्लंघन पर हजारों जगह कार्रवाई की गई।

उद्योगों से होने वाले प्रदूषण को लेकर सरकार ने जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई। प्रदूषण फैलाने वाली इकाइयों को बंद किया गया, चाहे वे औद्योगिक क्षेत्र में हों या अवैध रूप से संचालित हो रही हों। यहां तक कि नियमों का पालन न करने पर सरकारी एजेंसियों पर भी जुर्माना लगाया गया।

पर्यावरण मंत्री ने कहा कि 200 से अधिक दिनों तक AQI का 200 से नीचे रहना और गंभीर प्रदूषण वाले दिनों की संख्या आधी होना सामूहिक प्रयासों का नतीजा है। उन्होंने यह भी साफ किया कि यह लड़ाई अभी खत्म नहीं हुई है और स्वच्छ हवा के लिए सरकार और जनता दोनों को लगातार प्रयास जारी रखने होंगे।

Samvad 24 Office
Samvad 24 Office

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News