संगीत सोम ने शाहरुख खान को बताया गद्दार; बांग्लादेशी खिलाड़ी पर भड़का बयान
Share your love

संवाद 24 मेरठ। पूर्व भाजपा विधायक संगीत सोम ने बांग्लादेशी क्रिकेटर को लेकर बड़ा और विवादित बयान दिया है। मेरठ में आयोजित अटल स्मृति सम्मेलन एवं मतदाता गहन पुनरीक्षण कार्यशाला के दौरान संगीत सोम ने कहा कि बांग्लादेश में हिंदुओं का खुलेआम कत्लेआम हो रहा है, बहन-बेटियों के साथ सरेआम बलात्कार किए जा रहे हैं, लेकिन भारत में बैठे कुछ लोग बांग्लादेशी क्रिकेटरों को करोड़ों में खरीद रहे हैं। उन्होंने अभिनेता शाहरुख खान का नाम लेते हुए उन्हें गद्दार करार दिया और आरोप लगाया कि शाहरुख खान ने बांग्लादेशी क्रिकेटर रहमान को साढ़े नौ करोड़ रुपये में खरीदा है।
संगीत सोम ने कहा कि देश ऐसे कृत्य को कभी बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि अगर रहमान जैसे खिलाड़ी भारत में खेलने आए, तो वे इस देश से बाहर कदम भी नहीं रख पाएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में गद्दारों की कोई कमी नहीं है और अलग-अलग तरीकों से देश के खिलाफ काम किया जा रहा है, जिन पर कड़ी नजर रखने की जरूरत है।
अपने बयान में संगीत सोम ने कहा कि वे साफ और कड़वी बात कहते हैं, इसलिए उन्हें आलोचना झेलनी पड़ती है, लेकिन अगर साफ बात नहीं कही गई तो गद्दार अपनी गद्दारी करते रहेंगे। उन्होंने सवाल उठाया कि जिन लोगों पर देश के खिलाफ काम करने के आरोप हैं, उन्होंने आज तक देश के लिए किया ही क्या है।
संगीत सोम ने यह भी कहा कि बांग्लादेश में भारत के प्रधानमंत्री के खिलाफ नारे लगाए जा रहे हैं, भारत विरोधी माहौल बनाया जा रहा है और हिंदुओं को चुन-चुनकर निशाना बनाया जा रहा है। ऐसे हालात में बांग्लादेशी खिलाड़ी को भारत में खेलने की अनुमति देना किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने तर्क दिया कि जब पाकिस्तान का कोई खिलाड़ी भारत में नहीं खेल सकता, तो बांग्लादेश का खिलाड़ी कैसे खेल सकता है।
उन्होंने शाहरुख खान पर तीखा हमला करते हुए कहा कि देश के लोगों ने उन्हें जिस मुकाम तक पहुंचाया है, उसी देश के पैसे से वे देश के साथ गद्दारी कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कभी पाकिस्तान को चंदा देने की बातें होती हैं और कभी ऐसे खिलाड़ियों को खरीदा जाता है, जिनके देश में हिंदुओं पर अत्याचार हो रहे हैं।
इस बीच कथावाचक देवकी नंदन ठाकुर ने भी इस मुद्दे पर कड़ा रुख अपनाया। मथुरा में कथा के दौरान उन्होंने कोलकाता नाइट राइडर्स के मालिक शाहरुख खान को खुली चेतावनी दी। देवकी नंदन ठाकुर ने कहा कि भारत में किसी भी बांग्लादेशी खिलाड़ी को खेलने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर उस खिलाड़ी को टीम से बाहर नहीं किया गया, तो हिंदू समाज केकेआर का बहिष्कार करेगा।

देवकी नंदन ठाकुर ने मंच से कहा कि अगर शाहरुख खान को भारत और हिंदुओं से प्रेम है, तो उन्हें तुरंत उस बांग्लादेशी खिलाड़ी को टीम से बाहर करना चाहिए। उन्होंने लोगों से हाथ उठवाकर समर्थन भी मांगा और कहा कि यदि खिलाड़ी टीम में बना रहा, तो मजबूरी में केकेआर का बहिष्कार किया जाएगा।
अपने संबोधन में संगीत सोम ने उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद अतीक अहमद और मुख्तार अंसारी जैसे अपराधियों का सफाया हुआ है। उन्होंने दावा किया कि 2013 के समय जहां बहन-बेटियां घर से बाहर निकलने में डरती थीं, वहीं अब प्रदेश में कानून-व्यवस्था मजबूत हुई है।
संगीत सोम ने विपक्ष पर भी निशाना साधते हुए कहा कि पहले ईवीएम को बदनाम किया गया और अब मतदाता गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया पर सवाल उठाए जा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि आगामी चुनाव में भाजपा साढ़े तीन सौ से अधिक सीटें जीतकर सरकार बनाएगी और विपक्ष 20 से 30 सीटों तक सिमट जाएगा।






