पश्चिम बंगाल में ‘मेसी प्रकरण’ पर बड़ा सियासी भूचाल, खेल मंत्री अरूप बिस्वास ने दिया इस्तीफा
Share your love

संवाद 24 डेस्क । पश्चिम बंगाल में चर्चित ‘मेसी प्रकरण’ ने अब राजनीतिक तूफान का रूप ले लिया है। विवाद बढ़ने के बीच राज्य के खेल मंत्री अरूप बिस्वास ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को पत्र लिखकर निष्पक्ष और पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से खेल मंत्रालय से हटने का फैसला किया।
तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता कुणाल घोष ने दावा किया है कि मुख्यमंत्री ने अरूप बिस्वास का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। बताया जा रहा है कि युवा भारती (साल्ट लेक स्टेडियम) से जुड़े आयोजन में सामने आई गंभीर अव्यवस्थाओं के बाद पार्टी नेतृत्व ने उनसे खेल विभाग की जिम्मेदारी छोड़ने को कहा था।
पुलिस अधिकारियों पर भी गिरी गाज
मेसी प्रकरण को लेकर प्रशासनिक स्तर पर भी कड़ी कार्रवाई की गई है। राज्य के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कुमार और विधाननगर के पुलिस आयुक्त मुकेश कुमार को मुख्य सचिव की ओर से कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। दोनों वरिष्ठ अधिकारियों से 24 घंटे के भीतर जवाब मांगा गया है।
इसके अलावा विधाननगर के पुलिस उपायुक्त (डीसी) को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। प्रशासन का कहना है कि आयोजन के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था में गंभीर चूक सामने आई, जिसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
कुप्रबंधन पर उठे सवाल
शो-काज नोटिस में पूछा गया है कि कार्यक्रम के दिन स्टेडियम में कुप्रबंधन क्यों हुआ और आयोजन को सुचारू ढंग से संचालित करने के लिए सभी संबंधित पक्षों, जिनमें निजी आयोजक भी शामिल थे, के साथ प्रभावी समन्वय क्यों नहीं किया गया।
राजनीतिक हलकों में हलचल तेज
खेल मंत्री के इस्तीफे और शीर्ष पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई के बाद बंगाल की राजनीति में हलचल और तेज हो गई है। विपक्ष ने सरकार पर तीखे सवाल खड़े किए हैं, जबकि तृणमूल कांग्रेस इसे जवाबदेही तय करने की कार्रवाई बता रही है।
अब सभी की नजरें जांच रिपोर्ट और आने वाले प्रशासनिक फैसलों पर टिकी हैं, जो यह तय करेंगे कि इस हाई-प्रोफाइल मामले में आगे कौन-कौन जिम्मेदार ठहराया जाता है।






