बीजेपी के ‘वर्किंग प्रेसिडेंट’ पर कांग्रेस का तंज, बोली—पार्टी की कमान अब भी अमित शाह के पास
Share your love

संवाद 24, नई दिल्ली।
भारतीय जनता पार्टी द्वारा बिहार के वरिष्ठ नेता और मंत्री नितिन नबीन को कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने पर कांग्रेस ने तीखा हमला बोला है। कांग्रेस का आरोप है कि यह पद सिर्फ नाम का है और बीजेपी का वास्तविक नियंत्रण पहले की तरह केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के हाथों में ही रहेगा।
कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने कहा कि बीजेपी ने बिना आंतरिक चुनाव के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंप दी है और उसे ‘वर्किंग प्रेसिडेंट’ का नाम दे दिया गया है। उनके अनुसार, बीजेपी में यह शब्द एक तरह का कोडवर्ड बन चुका है, जिसका मतलब है कि फैसलों की डोर किसी और के हाथ में रहती है। उन्होंने दावा किया कि पहले भी पार्टी अध्यक्ष औपचारिक भूमिका में रहे हैं, जबकि अहम निर्णय अमित शाह लेते रहे हैं और आगे भी वही स्थिति बनी रहेगी।
नितिन नबीन फिलहाल बिहार सरकार में मंत्री हैं। उन्हें इतनी बड़ी राष्ट्रीय जिम्मेदारी दिए जाने को कांग्रेस ने चौंकाने वाला फैसला बताया है। कांग्रेस का कहना है कि बीजेपी नेतृत्व में पारदर्शिता और आंतरिक लोकतंत्र का अभाव साफ दिखता है।
उधर, नई जिम्मेदारी मिलने के बाद नितिन नबीन सोमवार को पटना से दिल्ली रवाना हुए। रवाना होने से पहले उन्होंने बिहार और अपने विधानसभा क्षेत्र की जनता का आभार जताया। उन्होंने कहा कि जनता के आशीर्वाद से उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर सेवा करने का अवसर मिला है।
गौरतलब है कि 45 वर्षीय नितिन नबीन बिहार बीजेपी से इस पद तक पहुंचने वाले पहले नेता हैं। वह पांच बार के विधायक हैं और उनका राजनीतिक संबंध एक अनुभवी परिवार से रहा है। उनके पिता नवीन कुमार सिन्हा भी बीजेपी के विधायक रह चुके हैं। यह नियुक्ति बीजेपी के संगठनात्मक ढांचे में एक अहम बदलाव के तौर पर देखी जा रही है, जिस पर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है।






