दिल्ली की हवा नहीं, ईवीएम से निकल रहा धुआं! प्रदूषण पर राहुल गांधी का नया फार्मूला”

Share your love

संवाद 24, नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में आयोजित कांग्रेस की रैली उस वक्त सुर्खियों में आ गई, जब सांसद राहुल गांधी ने प्रदूषण को लेकर ऐसा तर्क दे दिया, जिसने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी। केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोलते हुए राहुल गांधी ने कहा कि देश में बढ़ते प्रदूषण और बेरोजगारी की जड़ “वोट चोरी” है।

राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि नोटबंदी और “गलत जीएसटी” के जरिए छोटे व्यापारियों को खत्म किया गया और अब “वोट चोरी” के सहारे सरकार चलाई जा रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर वोट चोरी न होती, तो मौजूदा सरकार को जनता मिनटों में सत्ता से बाहर कर देती।

सभा के दौरान राहुल गांधी ने देश में “दो विचारधाराओं की लड़ाई” का जिक्र करते हुए कहा कि एक तरफ आरएसएस की विचारधारा है, जो सत्ता के लिए किसी भी हद तक जा सकती है, जबकि दूसरी तरफ कांग्रेस की विचारधारा है, जो सत्य और अहिंसा पर आधारित है। उन्होंने दावा किया कि चाहे कितनी भी मुश्किलें आएं, कांग्रेस कार्यकर्ता सत्य के रास्ते से पीछे नहीं हटेंगे।

चुनाव आयोग को लेकर भी राहुल गांधी ने तीखे शब्दों का इस्तेमाल किया। उन्होंने कुछ चुनाव आयुक्तों पर भाजपा के साथ मिलकर काम करने का आरोप लगाया और कहा कि केंद्र सरकार ने उन्हें बचाने के लिए कानून तक बदल दिया। साथ ही चेतावनी दी कि सत्ता में आने पर कांग्रेस ऐसे कानूनों को बदलेगी और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करेगी।

आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत पर हमला बोलते हुए राहुल गांधी ने कहा कि जहां भारतीय परंपरा “सत्यमेव जयते” और “सत्यम शिवम् सुंदरम्” की बात करती है, वहीं आरएसएस की सोच सत्य नहीं, बल्कि शक्ति को प्राथमिकता देती है। उन्होंने इसे सत्य और असत्य के बीच की निर्णायक लड़ाई बताया।

रैली में राहुल गांधी का यह बयान कि “प्रदूषण वोट चोरी से बढ़ रहा है”, राजनीतिक व्यंग्य और बहस का नया विषय बन गया है। अब देखना यह है कि इस बयान पर सियासी प्रदूषण कितना फैलता है।

Samvad 24 Office
Samvad 24 Office

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News