घना कोहरा और जहरीली हवा ने दिल्ली-एनसीआर को जकड़ा, कई इलाकों में AQI गंभीर स्तर पर
Share your love

संवाद 24, ब्यूरो, नई दिल्ली।
दिल्ली-एनसीआर में सोमवार सुबह घने कोहरे और गंभीर वायु प्रदूषण ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया। राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में दृश्यता काफी घट गई, जबकि कई इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 500 के करीब पहुंच गया। हालात को देखते हुए इंडिगो एयरलाइंस ने यात्रियों के लिए ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के अनुसार, सरदार पटेल मार्ग पर AQI 483 दर्ज किया गया, जो ‘गंभीर’ श्रेणी में आता है। अक्षरधाम क्षेत्र में AQI 493, बाराखंबा रोड पर 474 और पंडित पंत मार्ग पर 417 रिकॉर्ड किया गया। बारापुला फ्लाईओवर में भी AQI 433 रहा, जिससे प्रदूषण की भयावह स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।
कोहरे की चादर में लिपटा एनसीआर
सोमवार सुबह करीब सात बजे दिल्ली, नोएडा और ग्रेटर नोएडा समेत पूरे एनसीआर में घना कोहरा छाया रहा। सड़कों पर वाहन धीमी गति से चलते नजर आए और कई जगहों पर यातायात प्रभावित हुआ। ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क और यमुना एक्सप्रेसवे की ओर जाने वाले मार्गों पर दृश्यता बेहद कम रही।
नोएडा सबसे प्रदूषित, फरीदाबाद अपेक्षाकृत बेहतर
रविवार को लगातार दूसरे दिन राजधानी की हवा ‘गंभीर’ श्रेणी में बनी रही। एनसीआर में नोएडा सबसे अधिक प्रदूषित रहा, जहां AQI 466 दर्ज किया गया। गाजियाबाद में 459, ग्रेटर नोएडा में 435 और गुरुग्राम में 291 AQI रहा। वहीं फरीदाबाद में स्थिति अपेक्षाकृत बेहतर रही, जहां AQI 218 दर्ज किया गया।
स्वास्थ्य पर असर, लोग मास्क के सहारे
प्रदूषण के कारण लोगों को आंखों में जलन, खांसी और सांस लेने में दिक्कत की शिकायतें सामने आईं। खासतौर पर दमा और श्वसन रोगियों की परेशानी बढ़ गई है। कई लोग एन95 मास्क का इस्तेमाल करते दिखे।
राहत की उम्मीद कम
विशेषज्ञों के मुताबिक, हवा की रफ्तार बेहद कम होने और ठंड बढ़ने से प्रदूषण के कण वातावरण में लंबे समय तक बने हुए हैं। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले दो से तीन दिनों तक हालात में खास सुधार की संभावना नहीं है और हवा ‘बेहद खराब’ से ‘गंभीर’ श्रेणी में बनी रह सकती है।
संवाद24 की सलाह है कि लोग अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें, बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां बरतें।






