GOAT इंडिया टूर का समापन: पीएम मोदी से मिलेंगे लियोनल मेसी, अरुण जेटली स्टेडियम में होगा भव्य सम्मान

Share your love

संवाद 24, नई दिल्ली। अर्जेंटीना के फुटबॉल सुपरस्टार और विश्व कप विजेता लियोनल मेसी सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शिष्टाचार मुलाकात करेंगे। इसके बाद दोपहर 1:30 बजे से दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में उनके सम्मान में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही मेसी का तीन दिवसीय ‘GOAT इंडिया’ टूर संपन्न हो जाएगा।

UNICEF के ब्रांड एम्बेसडर के रूप में भारत पहुंचे मेसी ने अपने दौरे के दौरान खेल, समाज और युवाओं से जुड़ाव का संदेश दिया। शनिवार को वे कोलकाता और हैदराबाद पहुंचे, जबकि रविवार को मुंबई में विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लिया।

मुंबई में खेल और सितारों का संगम
रविवार को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में मेसी ने लुईस सुआरेज और रोड्रिगो डी पॉल के साथ पैडल इवेंट में भाग लिया। इस मौके पर बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मौजूद रहे। भारतीय फुटबॉल के दिग्गज सुनील छेत्री ने इंडियन स्टार्स और फ्रेंड्स ऑफ स्टार्स टीम की ओर से फ्रेंडली मुकाबले में हिस्सा लिया, जो 1-1 की बराबरी पर खत्म हुआ। अभिनेता टाइगर श्रॉफ भी मैदान पर नजर आए।

शाम को क्रिकेट के महान खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर के साथ मेसी की मुलाकात खास रही। इस अवसर पर मेसी ने सुनील छेत्री को जर्सी और स्मृति-चिह्न भेंट किया, जबकि सचिन तेंदुलकर ने उन्हें 2011 वनडे वर्ल्ड कप की अपनी ऐतिहासिक जर्सी उपहार में दी। कार्यक्रम के दौरान मेसी ने पेनल्टी शूटआउट में हिस्सा लिया और दर्शकों का अभिवादन करते हुए बच्चों के साथ फुटबॉल भी खेला।

हैदराबाद और कोलकाता में भी दिखा उत्साह
इससे पहले हैदराबाद में मेसी ने बच्चों के साथ समय बिताया और मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी तथा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी से मुलाकात की। कोलकाता में उन्होंने अपने 70 फीट ऊंचे प्रतिमा का वर्चुअल उद्घाटन किया। हालांकि सॉल्ट लेक स्टेडियम से उनके जल्दी रवाना होने पर कुछ प्रशंसकों में नाराजगी भी देखी गई।

आज दिल्ली में समापन
आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात और दिल्ली में सम्मान समारोह के साथ मेसी का भारत दौरा समाप्त होगा। ‘GOAT इंडिया’ टूर के जरिए मेसी ने न सिर्फ फुटबॉल प्रेमियों को उत्साहित किया, बल्कि खेल के माध्यम से बच्चों और युवाओं को प्रेरित करने का संदेश भी दिया।

Samvad 24 Office
Samvad 24 Office

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News