MP के सागर में भीषण हादसा: पुलिस वैन और कंटेनर की टक्कर में 4 जवान शहीद, एक गंभीर; वाहन काटकर निकाले गए शव
Share your love

संवाद 24, मध्य प्रदेश के सागर जिले में नेशनल हाईवे-44 पर बुधवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। बांदरी के पास पुलिस की BD-DS वैन और तेज रफ्तार कंटेनर के बीच आमने-सामने की जबरदस्त टक्कर में चार पुलिसकर्मियों की मौके पर ही मौत हो गई। एक जवान गंभीर रूप से घायल है, जिसे एयरलिफ्ट कर दिल्ली के गंगाराम अस्पताल शिफ्ट किया जा रहा है। टीम के साथ मौजूद डॉग सुरक्षित है।
बालाघाट से वापस लौट रही थी पुलिस टीम
मुरैना जिले का बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड नक्सल प्रभावित क्षेत्र बालाघाट में ड्यूटी पर तैनात थे। ड्यूटी समाप्त कर वे वैन (MP 03 A 4883) से मुरैना लौट रहे थे। इसी दौरान झिंझनी घाटी में सामने से आ रहे कंटेनर ने पुलिस वाहन को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए
हाईवे पर अंडरब्रिज निर्माण चलने के कारण ट्रैफिक वन-वे किया गया था। संकरे रास्ते में दोनों वाहनों की तेज रफ्तार में भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पुलिस वैन को काटकर शव निकालने पड़े।
शहीद हुए जवानों की पहचान
- प्रद्युम्न दीक्षित – फूफ, भिंड
- अनिल कौरव – टेकोन गांव, भिंड
- विनोद शर्मा – पुलिस लाइन, भिंड
- परिमल सिंह तोमर – नखती अंबाह, मुरैना


चारों जवान नक्सल विरोधी अभियान से लौटते समय शहीद हो गए।
शव आज रात मुरैना लाए जाएंगे, भिंड में अंतिम संस्कार
जवानों के पार्थिव शरीर को पहले मुरैना लाया जाएगा। जिला पुलिस और प्रशासन द्वारा सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार की तैयारी की जा रही है।






