दिल्ली-NCR की सुरक्षा के लिए स्वदेशी मल्टी-लेयर डिफेंस सिस्टम तैयार
Share your love

ड्रोन, मिसाइल और फाइटर जेट हमलों को देगा जवाब, अगस्त में सफल परीक्षण**
संवाद 24, राजधानी दिल्ली और पूरे NCR की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए भारत अब अपना स्वदेशी मल्टी-लेयर्ड एयर डिफेंस सिस्टम तैनात करने जा रहा है। रक्षा मंत्रालय इस हाई-टेक प्रोजेक्ट को तेजी से आगे बढ़ा रहा है। यह सिस्टम ड्रोन हमलों, फाइटर जेट, मिसाइल और अन्य हवाई खतरों को नाकाम करने में सक्षम होगा।
वरिष्ठ रक्षा अधिकारियों ने बताया कि नया इंटीग्रेटेड एयर डिफेंस वेपन सिस्टम (IADWS) पूरी तरह भारतीय तकनीक और हथियारों से तैयार होगा। इसके मुख्य हिस्से होंगे—
- DRDO की QRSAM मिसाइल
- VSHORADS
- मॉडर्न रडार और सेंसर
- एक हाई-टेक कंट्रोल सिस्टम
इस सिस्टम को भारतीय वायुसेना ऑपरेट करेगी। IADWS का 23 अगस्त को ओडिशा तट पर सफल परीक्षण पहले ही किया जा चुका है।
सुदर्शन चक्र मिशन से जुड़ेगा IADWS
IADWS को सरकार के ‘सुदर्शन चक्र मिशन’ का अहम हिस्सा माना जा रहा है। यह मिशन स्वॉर्म ड्रोन (एक साथ छोड़े गए कई ड्रोन्स) जैसे खतरों का मुकाबला करने के उद्देश्य से शुरू किया गया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 अगस्त को इस मिशन की घोषणा की थी।
सफल परीक्षण के बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा था कि यह सिस्टम भारत की मल्टी-लेयर एयर डिफेंस कैपेबिलिटी को नया आयाम देता है और क्षेत्रीय सुरक्षा को मजबूत करेगा।
एक साथ तीन टारगेट ध्वस्त – सफल परीक्षण में दिखाई ताकत
टेस्टिंग के दौरान IADWS ने एक साथ तीन अलग-अलग प्रकार के टारगेट मार गिराए—
- दो हाई-स्पीड फिक्स्ड विंग ड्रोन
- एक मल्टी-कॉप्टर ड्रोन
- सभी अलग-अलग ऊंचाइयों व दूरी पर मौजूद थे
तीनों को सिस्टम ने एक साथ ट्रैक कर सटीक निशाने से नष्ट कर दिया। इससे भारत की इग्ला और CIWS जैसे विदेशी एयर डिफेंस सिस्टम पर निर्भरता काफी कम होगी।






