दुबई एयर शो में भारत का तेजस फाइटर जेट क्रैश, पायलट विंग कमांडर नमन स्याल की मौत
Share your love

संवाद 24
दुबई एयर शो में भारतीय वायुसेना का स्वदेशी तेजस फाइटर जेट शुक्रवार को क्रैश हो गया। हादसा अल मकतूम एयरपोर्ट पर डेमो फ्लाइट के दौरान भारतीय समयानुसार दोपहर 3:40 बजे हुआ। विमान गिरते ही उसमें आग लग गई और हवाई अड्डे के ऊपर घने काले धुएं का गुबार दिखाई दिया।

भारतीय वायुसेना ने पुष्टि की कि हादसे में विमान के पायलट विंग कमांडर नमन स्याल की मौत हो गई। वे हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के निवासी थे। दुर्घटना के कारणों की जांच के लिए कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी के आदेश जारी कर दिए गए हैं।
यह तेजस विमान के क्रैश होने की दूसरी घटना है। इससे पहले 2024 में राजस्थान के पोकरण में युद्धाभ्यास के दौरान इंजन फेल होने के कारण तेजस दुर्घटनाग्रस्त हुआ था।
एविएशन एक्सपर्ट्स के अनुसार पायलट संभवतः ‘निगेटिव G-फोर्स टर्न’ से रिकवर नहीं कर पाए, जिसके चलते विमान का नियंत्रण खो गया। सामने आए वीडियो में स्पष्ट दिखता है कि विमान सीधा नीचे गिरा और ग्लाइडिंग की संभावना नहीं बनी, इससे संकेत मिलता है कि रिकवरी असफल रही और विमान फ्री-फॉल में चला गया।
निगेटिव G-फोर्स की स्थिति में विमान अचानक नीचे की ओर गोता लगाता है, जिससे पायलट के शरीर पर गुरुत्वाकर्षण के विपरीत दिशा में दबाव पड़ता है। इस दौरान
– सिर की ओर रक्त प्रवाह बढ़ जाता है
– चक्कर या धुंधलापन आ सकता है
– कुछ ही सेकंड में विमान का कंट्रोल चुनौतीपूर्ण हो जाता है
दुबई एयर शो दुनिया की प्रमुख एयरोस्पेस कंपनियों, एयरलाइंस, एयरफोर्सेज और टेक्नोलॉजी सेक्टर्स के लिए प्रदर्शन मंच माना जाता है। 1989 में शुरू हुआ यह आयोजन हर दो वर्ष में दुबई के अल मकतूम इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर होता है। इस बार एयर शो का शुक्रवार अंतिम दिन था और तेजस लगातार तीसरी बार इसमें शामिल था।






