CSPOC 2026: दिल्ली में राष्ट्रमंडल स्पीकर्स सम्मेलन, पाकिस्तान-बांग्लादेश बाहर, ओम बिरला ने बताई वजह
Share your love

संवाद 24 नई दिल्ली। राष्ट्रमंडल देशों के स्पीकर और पीठासीन अधिकारियों का 28वां सम्मेलन (CSPOC 2026) 14 से 16 जनवरी तक दिल्ली में आयोजित किया जा रहा है। भारत की मेजबानी में होने वाले इस सम्मेलन में पाकिस्तान और बांग्लादेश की भागीदारी नहीं होगी। लोकसभा स्पीकर Om Birla ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी जानकारी दी।
स्पीकर बिरला ने बताया कि पाकिस्तान सम्मेलन में हिस्सा नहीं ले रहा है, जबकि बांग्लादेश में संसद भंग होने के कारण वहां से कोई प्रतिनिधिमंडल शामिल नहीं हो पाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि अन्य राष्ट्रमंडल देशों की भागीदारी इस आयोजन में बनी रहेगी।
सम्मेलन का आयोजन लोकसभा स्पीकर की अध्यक्षता में किया जा रहा है। 14 जनवरी को CSPOC की कार्यकारी परिषद की बैठक होगी। 15 जनवरी को प्रधानमंत्री Narendra Modi संसद भवन स्थित संविधान सदन के ऐतिहासिक केंद्रीय कक्ष में सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे।
लोकसभा स्पीकर ने बताया कि राष्ट्रमंडल के 53 देशों में से 42 देशों ने सम्मेलन में शामिल होने की पुष्टि कर दी है। कनाडा, ब्रिटेन और ऑस्ट्रेलिया समेत कई प्रमुख राष्ट्रमंडल देश इस सम्मेलन में भाग लेंगे। कुछ देशों, जिनमें साइप्रस और युगांडा शामिल हैं, वहां चुनाव या संसद सत्र चलने के कारण अपने प्रतिनिधि नहीं भेज पाएंगे।
सम्मेलन के दौरान साझा लोकतांत्रिक मूल्यों, संसदीय प्रक्रियाओं को सशक्त करने और नई तकनीकों के उपयोग जैसे विषयों पर चर्चा की जाएगी। 16 जनवरी को लोकतांत्रिक संस्थाओं को मज़बूत बनाए रखने में स्पीकर और पीठासीन अधिकारियों की भूमिका पर विशेष सत्र आयोजित होगा।
इस आयोजन के लिए लोकसभा सचिवालय ने एक विशेष डिजिटल ऐप भी जारी किया है। इसके माध्यम से आमंत्रण, पंजीकरण और अतिथि प्रबंधन की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन संचालित की जा रही है। CSPOC के इतिहास में पहली बार ‘वेब आधारित इवेंट मैनेजमेंट प्रणाली’ का उपयोग किया जा रहा है।
कार्यक्रम के तहत 14 जनवरी को लाल किले में CSPOC की स्थायी समिति की बैठक आयोजित की जाएगी, जिसकी अध्यक्षता लोकसभा स्पीकर करेंगे। सम्मेलन के समापन पर भारत CSPOC की अध्यक्षता औपचारिक रूप से UK House of Commons के स्पीकर को सौंपेगा।
सम्मेलन के बाद 17 और 18 जनवरी को विदेशी प्रतिनिधिमंडल के लिए जयपुर भ्रमण का कार्यक्रम तय किया गया है।






