गुजरात-कर्नाटक में 7 कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, यूपी में ट्रेन में बम की सूचना, केरल में 12 देसी बम बरामद

Share your love

संवाद 24 डेस्क। देश के अलग-अलग राज्यों में मंगलवार को बम से उड़ाने की धमकियों से हड़कंप मच गया। गुजरात और कर्नाटक में कोर्ट परिसरों को निशाना बनाने की धमकियां मिलीं, जबकि उत्तर प्रदेश में एक ट्रेन में बम होने की सूचना दी गई। वहीं केरल में पुलिस ने 2 स्थानों से 12 देसी विस्फोटक बरामद किए हैं। हालांकि, गुजरात, यूपी और कर्नाटक की घटनाओं में जांच के बाद कोई विस्फोटक नहीं मिला।

गुजरात में 6 कोर्ट को आरडीएक्स से उड़ाने की धमकी

गुजरात में हाईकोर्ट समेत 5 जिला अदालतों को आरडीएक्स से उड़ाने की धमकी ई-मेल के जरिए भेजी गई। सूरत कोर्ट की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर सोमवार देर रात धमकी मिली थी। इसके बाद आनंद, राजकोट, अहमदाबाद और भरूच की अदालतों को भी इसी तरह के ई-मेल मिले।
सूचना मिलते ही सभी कोर्ट परिसरों को खाली कराया गया और बम स्क्वॉड व डॉग स्क्वॉड ने सघन तलाशी ली, लेकिन कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। पुलिस के मुताबिक, धमकी एलटीटीई के नाम से भेजी गई थी और इसकी जांच की जा रही है।

यूपी के मऊ में काशी एक्सप्रेस खाली कराई गई

उत्तर प्रदेश के मऊ रेलवे जंक्शन पर काशी एक्सप्रेस में बम होने की सूचना मिलने से अफरा-तफरी मच गई। ट्रेन के स्टेशन पहुंचते ही यात्रियों को सुरक्षित बाहर उतारा गया और सभी कोच की गहन जांच की गई।
जांच के दौरान एक कोच में संदिग्ध बैग दिखने पर यात्री घबरा गए। मौके पर पहुंचे इंस्पेक्टर ने सावधानी बरतते हुए डंडे की मदद से बैग को बाहर खींचा। बाद में बम स्क्वॉड ने जांच की तो बैग में कोई विस्फोटक नहीं मिला। करीब तीन घंटे तक सर्च ऑपरेशन चला। पुलिस का कहना है कि कॉल फर्जी प्रतीत हो रही है, स्रोत की जांच की जा रही है।

कर्नाटक के मैसुरु जिला कोर्ट को भी धमकी

मैसुरु जिला कोर्ट को भी ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली। एहतियातन कोर्ट परिसर को खाली कराया गया और न्यायिक कार्यवाही अस्थायी रूप से रोक दी गई। बम निरोधक दस्ते ने पूरे परिसर की तलाशी ली, लेकिन कोई संदिग्ध सामग्री नहीं मिली।

केरल में 12 देसी विस्फोटक बरामद

केरल के कन्नूर जिले में पुलिस ने दो अलग-अलग जगहों से कुल 12 देसी विस्फोटक उपकरण बरामद किए। पनूर थाना क्षेत्र में एक स्कूल ग्राउंड से 8 क्रूड बम मिले, जबकि कन्नावम इलाके के एक सुनसान भूखंड से 4 स्टील बम बरामद हुए।
पुलिस यह जांच कर रही है कि दोनों जगहों से मिली विस्फोटक सामग्री का आपस में कोई संबंध है या नहीं।

जांच जारी

सभी राज्यों में पुलिस और खुफिया एजेंसियां अलर्ट पर हैं। धमकियों के पीछे किसका हाथ है और केरल में मिले विस्फोटकों का मकसद क्या था—इन सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।

Samvad 24 Office
Samvad 24 Office

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Get regular updates on your mail from Samvad 24 News