आंध्र प्रदेश में तेल कुएं में गैस रिसाव से भीषण आग, 20 मीटर ऊंची लपटें, 3 गांव खाली, दिल्ली–मुंबई से ONGC की एक्सपर्ट टीम रवाना
Share your love

संवाद 24 कोनसीमा। आंध्र प्रदेश के कोनसीमा जिले में ऑयल एंड नेचुरल गैस कॉर्पोरेशन (ONGC) के एक तेल कुएं में गैस रिसाव के बाद भीषण आग लग गई। आग की लपटें करीब 20 मीटर तक ऊंची उठ रही हैं। एहतियातन 4 किलोमीटर के दायरे में आने वाले तीन गांवों को खाली करा लिया गया है।
ONGC के अनुसार, अब तक करीब 600 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया है। सुरक्षा कारणों से दो स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है। फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
पाइपलाइन लीकेज के बाद लगी आग
यह हादसा 5 जनवरी दोपहर 12:20 बजे कोनसीमा के राजोले इलाके में स्थित मोरी-5 तेल कुएं पर हुआ। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, कुएं की पाइपलाइन में लीकेज हुआ, जिसके करीब 20 मिनट बाद गैस ने आग पकड़ ली। यह कुआं दीप इंडस्ट्रीज लिमिटेड द्वारा संचालित किया जा रहा है।
इलाके को सील कर कूलिंग ऑपरेशन शुरू
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 10 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। पूरे इलाके को घेराबंदी कर सील कर दिया गया है। ONGC ने कूलिंग ऑपरेशन शुरू कर दिया है और जरूरत पड़ने पर कुएं को कैप (सील) करने की तैयारी की जा रही है।
दिल्ली–मुंबई से विशेषज्ञ टीमें रवाना
कोनसीमा की जॉइंट कलेक्टर टी. निशांति ने बताया कि आग पर पूरी तरह काबू पाने के लिए दिल्ली और मुंबई से ONGC की एक्सपर्ट टीमें रवाना की गई हैं। टीमें मौके पर पहुंचकर स्थिति का आकलन करेंगी और उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार, आग की तीव्रता अब पहले से कुछ कम हुई है।
मरम्मत के दौरान हुआ ब्लास्ट
जानकारी के अनुसार, कुएं से उत्पादन अस्थायी रूप से रोका गया था और मरम्मत का कार्य चल रहा था। इसी दौरान अचानक तेज ब्लास्ट हुआ, जिससे गैस और कच्चा तेल तेजी से बाहर निकलने लगा और आग भड़क उठी।
प्रशासन ने लोगों से बिजली के स्विच बंद रखने, गैस चूल्हा न जलाने और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का उपयोग न करने की अपील की है।
दीप इंडस्ट्रीज लिमिटेड का प्रोफाइल
दीप इंडस्ट्रीज लिमिटेड गुजरात के अहमदाबाद स्थित कंपनी है, जो तेल-गैस क्षेत्र में पुराने कुओं से उत्पादन बढ़ाने, ड्रिलिंग और गैस कंप्रेशन सेवाएं देती है। कंपनी शेयर बाजार में सूचीबद्ध है और इसका मार्केट कैप करीब 2,774 करोड़ रुपये है। ONGC और ऑयल इंडिया इसके प्रमुख क्लाइंट हैं।






