अमित शाह का DMK पर सीधा वार बोले, तमिलनाडु में देश की सबसे भ्रष्ट सरकार, परिवारवाद का खेल अब खत्म होगा
Share your love

संवाद 24 चेन्नई। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने तमिलनाडु की सत्तारूढ़ DMK सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए उसे देश की सबसे भ्रष्ट सरकार करार दिया। पुदुकोट्टई में भाजपा की विशाल रैली को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि तमिलनाडु में विकास नहीं, बल्कि परिवारवाद की राजनीति चल रही है और अब इस व्यवस्था को जड़ से खत्म करने का समय आ गया है।
अमित शाह ने कहा कि DMK का पूरा मॉडल परिवार के इर्द-गिर्द घूमता है। सत्ता कुछ लोगों के हाथों में सिमट गई है और आम जनता का हक छीना जा रहा है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि DMK का परिवारवाद आगे नहीं बढ़ेगा और भाजपा इसे समाप्त करके रहेगी।
गृह मंत्री ने ऐलान किया कि आगामी विधानसभा चुनाव भाजपा, AIADMK और सहयोगी दलों के साथ मिलकर लड़ेगी। उन्होंने दावा किया कि 2026 में तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में NDA की सरकार बनना तय है। शाह ने कहा कि हरियाणा में लगातार तीसरी जीत के बाद अब तमिलनाडु और बंगाल की बारी है।
रैली को संबोधित करने से पहले अमित शाह ने तमिल भाषा में भाषण न दे पाने पर जनता से माफी भी मांगी और तमिलनाडु की भूमि को नमन कर अपना संबोधन शुरू किया।
शाह ने आरोप लगाया कि DMK सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि DMK यह झूठा प्रचार कर रही है कि NDA तमिल भाषा के खिलाफ है, जबकि सच्चाई यह है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ही तमिल भाषा में IAS और IPS की परीक्षा देने की प्रक्रिया शुरू करवाई।
उन्होंने तमिलनाडु सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य को कचरागाह में बदल दिया गया है। दूसरे राज्यों का खतरनाक बायोमेडिकल कचरा तमिलनाडु की नदियों में फेंका जा रहा है। शाह ने यह भी आरोप लगाया कि DMK सरकार हिंदुओं और सनातन धर्म के खिलाफ लगातार अपमानजनक रवैया अपना रही है।
अमित शाह ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर के भूमि पूजन के दौरान तमिलनाडु में अघोषित कर्फ्यू जैसा माहौल बनाया गया। DMK के वरिष्ठ नेताओं द्वारा सनातन धर्म की तुलना डेंगू और मलेरिया से की गई और हिंदू जुलूसों पर पाबंदियां लगाई गईं।
उन्होंने कहा कि अब तमिलनाडु की जनता सब देख रही है और आने वाले चुनाव में भ्रष्टाचार और परिवारवाद को जवाब देगी। शाह ने विश्वास जताया कि NDA एक मजबूत विकल्प के रूप में उभरेगा और राज्य में परिवर्तन की शुरुआत होगी।






